CBN36 रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के पावन तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान खारुन मैया की विधि-विधान से महाआरती कर प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की मंगलकामना की गई।
आयोजन में सवा लाख दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से महादेव घाट का पूरा परिसर आलोकित हो उठा। श्रद्धा, आस्था और जनभागीदारी के इस आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।
देश ने देखे ऐतिहासिक परिवर्तन
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश में विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण को नई गति मिली है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के प्रावधान हटाने से लेकर अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में विराजमान होने तक कई ऐतिहासिक परिवर्तन हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब और समाज के अंतिम व्यक्ति को शासन की प्राथमिकता में रखा गया है। पक्का आवास, शौचालय, जन-धन खाते, रसोई गैस, खाद्यान्न सुरक्षा सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया है।
प्रधानमंत्री के साथ काम करने का अनुभव साझा किया
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें केंद्र सरकार में राज्यमंत्री के रूप में उनके साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्रधानमंत्री की कार्यशैली, अनुशासन, परिश्रम और जनसेवा के प्रति समर्पण को करीब से देखने का अवसर मिला। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष को सेवा और सुशासन की यात्रा बताया।
छत्तीसगढ़ और बस्तर के विकास पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का छत्तीसगढ़ से गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से प्रदेश के विकास को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की दृढ़ इच्छाशक्ति और सुरक्षा बलों के साहस से छत्तीसगढ़ में माओवादी हिंसा के खिलाफ निर्णायक सफलता मिली है।
साय ने कहा कि बस्तर में अब शांति और विकास के नए द्वार खुले हैं। सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच रही हैं। सरकार का प्रयास है कि बस्तर की प्राकृतिक संपदा, पर्यटन, संस्कृति और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को स्थानीय लोगों की समृद्धि और रोजगार से जोड़ा जाए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी इस दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण से जुड़े कार्य जनभागीदारी के साथ किए जाएंगे।
32 लाख दीपों से शुभकामना का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि महादेव घाट पर सवा लाख दीपों के साथ राजधानी रायपुर के विभिन्न स्थानों पर करीब 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि दीप भारतीय संस्कृति में आशा, विश्वास और प्रकाश का प्रतीक है। महादेव घाट पर जलाया गया प्रत्येक ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के साथ सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।
कार्यक्रम में साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों ने खारुन मैया की महाआरती कराई। मुख्यमंत्री साय ने भी इसमें सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद एवं आयोजन की संयोजक लक्ष्मी वर्मा, विधायक राजेश मूणत और मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, कौशल्या साय सहित विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्ष, आयोगों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सनातन ध्वज वाहिनी के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




