सिमगा क्षेत्र के चौरेंगा और चंदेरी स्थित सोलर प्लांटों को बनाया था निशाना, जली केबल से तांबा निकालकर बेचते थे
CBN36 बलौदाबाजार-भाटापारा। सिमगा क्षेत्र के सोलर पावर प्लांटों से केबल वायर चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 1.32 लाख रुपये कीमत का जला हुआ तांबा व केबल वायर, चोरी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और औजार बरामद किए गए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हरे कृष्णा पावर प्लांट, चौरेंगा और सूर्योदय वायर सोलर पावर प्लांट, ग्राम चंदेरी में चोरी की घटनाएं हुई थीं। चौरेंगा स्थित प्लांट में बाउंड्री वॉल का फेंसिंग तार काटकर चोर अंदर घुसे और करीब 1500 मीटर इन्वर्टर केबल वायर पार कर दिया। वहीं चंदेरी के प्लांट से करीब 5000 मीटर डीसी केबल वायर चोरी की गई थी। दोनों मामलों में थाना सिमगा में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए थे।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में थाना सिमगा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
15 सितंबर की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चौरेंगा की ओर तीन संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर बैग और औजार लेकर घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चौरेंगा और चंदेरी के दोनों सोलर प्लांटों में फेंसिंग तार काटकर घुसने और केबल चोरी करने की बात स्वीकार की।
केबल जलाकर निकालते थे तांबा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी की केबल को जलाकर उसमें से तांबा निकाला जाता था। इसके बाद तांबा तिल्दा के एक कबाड़ी के पास बेच दिया जाता था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने तिल्दा में दबिश देकर कबाड़ी हीरानंद आहूजा को भी गिरफ्तार कर लिया।
ये आरोपी गिरफ्तार
- रामचंद देवांगन (37), निवासी वार्ड नंबर 15, तिल्दा
- डहरीलाल टंडन (42), निवासी खमतराई, रायपुर
- रामप्रसाद मरावी (35), हाल निवासी बीरगांव, रायपुर
- हीरानंद आहूजा (31), कबाड़ी, निवासी भैरवगढ़, तिल्दा
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(A), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों को 16 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की गई।
मोटरसाइकिल और औजार भी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से जला हुआ तांबा/केबल वायर, HF Deluxe मोटरसाइकिल क्रमांक CG04 QY 9409, टॉर्च, प्लास, पेचकस, हथौड़ी और मोबाइल फोन बरामद किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 1,32,700 रुपये बताई गई है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
प्रधान संपादक




