मुख्यमंत्री निवास में विधि-विधान से की पूजा-अर्चना, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना
CBN36 रायपुर, 17 सितंबर। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्रमवीरों, शिल्पकारों, कारीगरों, अभियंताओं, तकनीशियनों तथा उद्योग और निर्माण क्षेत्र से जुड़े लोगों को विश्वकर्मा जयंती की बधाई दी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजनशीलता, कौशल, कर्मनिष्ठा और उत्कृष्टता के प्रतीक हैं। उनकी आराधना हमें ज्ञान, हुनर और परिश्रम के माध्यम से समाज और राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देती है। विश्वकर्मा जयंती केवल आस्था और परंपरा का पर्व नहीं, बल्कि श्रम की प्रतिष्ठा और कौशल के सम्मान का अवसर भी है।
मेहनतकश हाथों से आकार ले रहा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी प्रदेश और राष्ट्र की प्रगति के पीछे श्रमिकों, कारीगरों, शिल्पकारों, तकनीशियनों और निर्माणकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। खेत-खलिहानों से लेकर कारखानों तक, छोटे प्रतिष्ठानों से बड़े उद्योगों तक और पारंपरिक शिल्प से आधुनिक तकनीक तक, कुशल हाथ अपने परिश्रम और प्रतिभा से विकास को आकार देते हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान मेहनतकश लोगों और समृद्ध शिल्प परंपरा से रही है। यहां के शिल्पकार और कारीगर पीढ़ियों से अपने हुनर के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सहेजते आ रहे हैं। वहीं श्रमिक, अभियंता और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े युवा आधुनिक छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
परंपरागत हुनर के साथ आधुनिक तकनीक जरूरी
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि परंपरागत कौशल और आधुनिक तकनीक का समन्वय छत्तीसगढ़ के विकास को नई दिशा दे सकता है। श्रम केवल आजीविका का माध्यम नहीं, बल्कि सृजन और राष्ट्र निर्माण की शक्ति है। प्रत्येक श्रमिक के परिश्रम और प्रत्येक कारीगर के हुनर का सम्मान करना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि बदलते समय के अनुरूप कौशल को लगातार निखारना और नई तकनीक को अपनाना आज की आवश्यकता है। कौशलयुक्त और परिश्रमी मानव संसाधन के बल पर ही आत्मनिर्भर, आधुनिक और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
श्रमवीरों की सफलता की कामना
मुख्यमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा से प्रदेश के सभी श्रमवीरों, कारीगरों, शिल्पकारों, तकनीशियनों, अभियंताओं और उद्यमियों को उनके कार्यक्षेत्र में सफलता प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि इन मेहनतकश लोगों के कौशल और परिश्रम से छत्तीसगढ़ प्रगति, समृद्धि और खुशहाली के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार आर. कृष्णा दास, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी आलोक सिंह सहित मुख्यमंत्री निवास के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




