
15 दिन में 813 कार्रवाई, आर्म्स एक्ट में 73 मामले; 73 निगरानी बदमाशों का बाउंड ओवर, 192 वारंटी गिरफ्तार

CBN 36 बिलासपुर। आगामी गणेश उत्सव, नवरात्रि, दशहरा और दीपावली को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए बिलासपुर पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर 1 से 15 सितंबर तक चलाए गए विशेष अभियान में जिलेभर में कुल 813 कार्रवाई की गईं। पुलिस ने चाकूबाजी, अवैध हथियार, नशे, स्टंटबाजी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर विशेष नजर रखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 73 कार्रवाई की गईं। वहीं धारा 170 बीएनएस के तहत 131 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले लोगों पर धारा 126 और 135(3) बीएनएस के तहत 302 कार्रवाई की गईं।
73 निगरानी बदमाशों पर बाउंड ओवर
एसएसपी के निर्देश पर पूर्व अपराधियों और निगरानी गुंडा-बदमाशों की गतिविधियों पर भी पुलिस ने विशेष निगरानी रखी। अभियान के दौरान 73 निगरानी बदमाशों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान पुराने अपराधियों और उपद्रवी तत्वों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखना है।
192 वारंटियों तक पहुंची पुलिस
अभियान के दौरान न्यायालयों से लंबित वारंटों की तामिली पर भी जोर दिया गया। पुलिस ने 83 स्थायी वारंट और 109 गिरफ्तारी वारंट तामील किए। इस तरह कुल 192 वारंटों की तामिली की गई।
स्टंटबाजों और शराबी वाहन चालकों पर भी कार्रवाई
सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने और स्टंट करने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। स्टंटबाजी के चार मामले दर्ज किए गए, जबकि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ एमवी एक्ट की धारा 185 में 30 कार्रवाई की गईं। इसके अलावा आबकारी एक्ट में सात और एनडीपीएस एक्ट में एक कार्रवाई की गई।
थाना स्तर पर सख्ती, संवेदनशील इलाकों पर नजर

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर से लेकर ग्रामीण थाना क्षेत्रों तक पुलिस को सक्रिय किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग और पेट्रोलिंग बढ़ाने के साथ ही पूर्व अपराधियों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का फोकस त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने पर है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहारों की आड़ में हथियार लेकर घूमने, चाकूबाजी, नशे का कारोबार, स्टंटबाजी और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
एसएसपी रजनेश सिंह की रणनीति का फोकस साफ है त्योहारो से पहले संभावित उपद्रवियों पर नकेल, वारंटियों की धरपकड़ और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर शहर में कानून-व्यवस्था मजबूत रखना।
प्रधान संपादक




