Explore

Search

September 13, 2026 10:23 pm

वर्धा स्विम गाला में 300 तैराकों ने दिखाया दमखम

पालक मंत्री डॉ. पंकज भोयर ने किया उद्घाटन, बोले- बच्चों और महिलाओं के लिए जल्द बनेगा नया स्विमिंग पूल

CBN36 वर्धा। धर्मवीर छत्रपति संभाजी महाराज स्विमिंग पूल में रविवार को ‘वर्धा स्विम गाला-2026’ के तीसरे संस्करण का शानदार आगाज हुआ। द ब्लूज स्पोर्ट्स एकेडमी, वर्धा की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में विदर्भ के विभिन्न जिलों से करीब 300 तैराकों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन पालक मंत्री डॉ. पंकज भोयर ने किया। जाने-माने तैराक निमिष मुले ने उनका स्वागत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन ओम गुडधे ने किया। इस अवसर पर डॉ. भोयर ने युवा तैराकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वर्धा में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ ही दिनों में छोटे बच्चों और महिलाओं के लिए नए स्विमिंग पूल का निर्माण किया जाएगा।

समारोह में एक्वाटिक एसोसिएशन वर्धा के सचिव सुधीर चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्रीकांत बल्की ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई। खेल और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों ने भी आयोजन में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देने का लक्ष्य

द ब्लूज स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। एकेडमी के माध्यम से तैराकों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि वे पदक जीतकर क्षेत्र और देश का नाम रोशन कर सकें। तैराकी को साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम बताया गया।

इन तैराकों ने जीती चैम्पियनशिप ट्रॉफी

प्रतियोगिता के विभिन्न आयु वर्गों में वैभवी घाघरे, पार्थ इंगोले, श्रावणी इंगोले, सारंग राउत, सम्यक राउत, समव कटोले, मंदर सिंह कुसेाम, चाक्ष्वी प्रमोद खडकाले, भावी अभय राजगीजे और रावी सुरेश बोलकर ने चैम्पियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। सर्वाधिक चैम्पियनशिप ट्रॉफी जीतने वाली एकेडमी के रूप में द ब्लूज स्पोर्ट्स एकेडमी, वर्धा ने भी अपनी पहचान बनाई। विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

चार साल के राम ने 50 मीटर फ्रीस्टाइल में दिखाया हौसला

प्रतियोगिता में चार वर्षीय राम इंगोले ने छह वर्षीय आयु वर्ग की 50 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा पूरी कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनके प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती।

वहीं, द ब्लूज स्पोर्ट्स एकेडमी के चार ऑटिज्म से प्रभावित तैराकों वैष्णवी, टूनायू, शौर्य और आद्या ने भी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। उनकी भागीदारी ने आयोजन को विशेष बना दिया। एकेडमी ने प्रतियोगिता की सफलता में सहयोग देने वाले अभिभावकों और प्रशिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS