
सीवीओ हिमांशु जैन ने प्रोक्योरमेंट में नीतिगत प्रावधानों और सावधानियों की दी जानकारी
CBN36 बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड एसईसीएल में तीन माह के सतर्कता जागरूकता अभियान-2026 के तहत एमडीआई, बिलासपुर में पब्लिक प्रोक्योरमेंट विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्रशिक्षण के दौरान सरकारी नीतियों एवं खरीद प्रक्रियाओं की जानकारी देने के साथ पारदर्शिता, निष्पक्षता और नियमों के पालन पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को एसईसीएल के मुख्य सतर्कता अधिकारी सीवीओ हिमांशु जैन ने संबोधित किया। उन्होंने सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों एमएसई के लिए लागू पब्लिक प्रोक्योरमेंट पॉलिसी तथा मेक इन इंडिया (एमआईआई) से जुड़े प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रोक्योरमेंट प्रक्रिया के अलग-अलग चरणों में इन नीतिगत प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन किस प्रकार सुनिश्चित किया जा सकता है।
सीवीओ ने कहा कि एमएसई की भागीदारी बढ़ाने और देश में निर्मित उत्पादों को प्रोत्साहन देने में इन नीतियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा बनाए रखने, पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने और संबंधित नियमों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया।
उन्होंने वास्तविक मामलों के उदाहरणों के माध्यम से प्रोक्योरमेंट प्रक्रिया में होने वाली सामान्य चूकों और संभावित जोखिमों को भी समझाया। साथ ही, खरीद प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में आवश्यक जांच-पड़ताल और सावधानी बरतने पर जोर दिया, ताकि प्रक्रियागत कमियों की समय रहते पहचान कर उन्हें दूर किया जा सके।
प्रशिक्षण के अंत में सवाल-जवाब का सत्र आयोजित किया गया। इसमें प्रतिभागियों ने पब्लिक प्रोक्योरमेंट से जुड़ी व्यावहारिक समस्याएं और एमएसई तथा मेक इन इंडिया से संबंधित प्रावधानों को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं। सीवीओ ने प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए नीतियों के प्रभावी और नियमसम्मत उपयोग की जानकारी दी।
एसईसीएल में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रिवेंटिव विजिलेंस को मजबूत करने तथा प्रोक्योरमेंट व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
प्रधान संपादक




