
“जनदर्शन में गूंजी समस्याओं की आवाज, कलेक्टर ने अफसरों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश,यूरिया की गुणवत्ता पर सवाल; सीमांकन, मुआवजा और पेंशन की भी शिकायत”
CBN36 बिलासपुर। जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में लोगों ने अपनी समस्याओं को लेकर कलेक्टर संजय अग्रवाल के सामने फरियाद रखी। किसी ने ट्रांसफार्मर जलने से काम ठप होने की शिकायत की तो किसी ने यूरिया की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। सीमांकन में देरी, सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित भूमि का मुआवजा और महीनों से बंद पेंशन का मामला भी जनदर्शन में पहुंचा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
गनियारी की मल्टी एक्टिविटी सेंटर नारी शक्ति समिति की अध्यक्ष रागिनी पाण्डेय ने बताया कि सेंटर का ट्रांसफार्मर जल जाने से मशीनें बंद पड़ी हैं। इससे महिला समूह को मिले ऑर्डर समय पर पूरे नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की।
स्कूल की मरम्मत और पुलिया निर्माण की मांग

कोटा विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला भेलवापारा के प्रधान पाठक और ग्रामीणों ने जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत कराने की मांग रखी। वहीं, ग्राम पंचायत धूमा के किसानों ने पैठू तालाब के पास मुख्य नहर में पुलिया निर्माण की मांग की। किसानों का कहना था कि पुलिया नहीं होने से रोजाना आवागमन के साथ खेतों तक खाद-बीज पहुंचाने में भी परेशानी होती है।
यूरिया से नुकसान की शिकायत, कृषि विभाग को जांच का आदेश
बिल्हा क्षेत्र के रविशंकर शर्मा ने ग्राम देवकीरारी स्थित कृषि भूमि में इस्तेमाल किए गए यूरिया खाद को लेकर शिकायत की। उनका कहना है कि दुकान से खरीदे गए खाद के इस्तेमाल के बाद अपेक्षित लाभ नहीं मिला, बल्कि नुकसान हुआ। कलेक्टर ने उप संचालक कृषि को तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए।
आदेश के बाद भी नहीं हुआ सीमांकन

कुदुदंड निवासी राधेश्याम सूर्यवंशी ने सीमांकन में देरी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि तहसीलदार के आदेश के बावजूद लंबे समय से सीमांकन नहीं हुआ है। पटवारी और राजस्व निरीक्षक से संपर्क के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने शीघ्र सीमांकन कराने की मांग की।
बेटे की मौत के बाद मुआवजे की गुहार
सकर्रा निवासी जानकी शर्मा ने तालाब में डूबने से 43 वर्षीय बेटे की मौत के बाद राज्य आपदा राहत कोष से नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि दिलाने की मांग की। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है।
दरसराम पनिक ने एनएचएआई के सड़क निर्माण के लिए इस्तेमाल की गई निजी भूमि का मुआवजा दिलाने की मांग की। उनका आरोप है कि उचित सूचना दिए बिना उनकी निजी जमीन पर सड़क निर्माण कराया गया। उन्होंने बताया कि भूमि का पूर्व में सीमांकन भी हो चुका है।
आठ-नौ महीने से बंद पेंशन, दोबारा शुरू कराने की मांग

टिकरापारा निवासी ओमप्रकाश सोनी ने निराश्रित पेंशन पिछले करीब आठ-नौ महीने से बंद होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि दिव्यांग होने के कारण उन्हें रोजमर्रा के काम और आवागमन में परेशानी होती है। नगर निगम से निराश्रित परिचय पत्र मिलने के बाद उन्हें पेंशन मिल रही थी, लेकिन अब भुगतान बंद है। उन्होंने पेंशन फिर से शुरू कराने की मांग की।
जनदर्शन में अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी और ज्योति पटेल ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं। कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई कर समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधान संपादक




