
एसएसपी शशि मोहन सिंह की सख्त निगरानी में धरमजयगढ़ पुलिस की कार्रवाई, युवक को बुलाकर लगाई कड़ी फटकार
CBN36 रायगढ़।सोशल मीडिया पर चंद लाइक और व्यूज के लिए सार्वजनिक मर्यादा को तार-तार करना अब भारी पड़ सकता है। धरमजयगढ़ में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाकर रील बनाने और उसे इंस्टाग्राम पर पोस्ट करने वाले युवक को पुलिस ने तलब कर कड़ी समझाइश दी। पुलिस की कार्रवाई के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने का भरोसा दिया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसी निगरानी के दौरान धरमजयगढ़ क्षेत्र का वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, जिसमें एक युवक छात्राओं के सामने अश्लील गाना गाते हुए वीडियो बनाता दिखाई दिया। वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए जाने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।
मामले में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए युवक को तलब कराया। धरमजयगढ़ पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर जयदेव मंडल (25), पिता समरेत मंडल, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी को बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने अपने मोबाइल से वीडियो बनाए जाने की बात स्वीकार की।
‘रील’ के लिए किसी की गरिमा से खिलवाड़ नहीं
एसडीओपी सिद्धांत तिवारी ने युवक को कड़े शब्दों में समझाइश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए महिलाओं और छात्राओं को असहज करने वाला व्यवहार या अशोभनीय वीडियो बनाना कतई उचित नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर मर्यादा का उल्लंघन कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गंभीर विषय है।
पुलिस की समझाइश के बाद युवक ने अपने कृत्य पर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति नहीं करने की बात कही।
एसएसपी का संदेश-सोशल मीडिया आजादी है, मनमानी नहीं
रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार नजर रख रही है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जिम्मेदारी और कानून के दायरे में रहकर किया जाए।
किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली, अश्लील, आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के विरुद्ध परिस्थितियों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
चंद सेकंड की वायरल रील, लंबी परेशानी का कारण बन सकती है
पुलिस की इस कार्रवाई ने उन लोगों के लिए भी चेतावनी का संदेश दिया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में सार्वजनिक मर्यादा भूल जाते हैं। रील बनाना अपराध नहीं, लेकिन किसी की गरिमा और सम्मान की कीमत पर रील बनाना भारी पड़ सकता है।
एएसपी अनिल सोनी ने साफ कर दिया है-सोशल मीडिया पर नजर है, इसलिए वायरल होने से पहले यह जरूर सोचें कि आपकी हरकत कहीं कानून और समाज की नजर में गलत तो नहीं।
प्रधान संपादक




