सदस्यता विस्तार, नई मेडिकल शॉप और रक्तदान शिविरों को लेकर भी लिए गए अहम निर्णय
CBN36 बिलासपुर, 4 सितंबर 2026। भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा बिलासपुर की प्रबंध कार्यकारिणी समिति की बैठक आज कलेक्टर एवं रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में रेडक्रॉस कार्यालय, नूतन चौक, सरकंडा में आयोजित की गई। बैठक में नेपाल में आई आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राशि एकत्रित करने, रेडक्रॉस की सदस्यता बढ़ाने, नई मेडिकल शॉप के उद्घाटन और रक्तदान शिविर आयोजित करने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक के प्रारंभ में रेडक्रॉस प्रबंध समिति के चेयरमैन डॉ. बी.एल. गोयल एवं डॉ. शुभा गरेवाल ने कलेक्टर एवं अध्यक्ष संजय अग्रवाल का स्वागत किया। इसके बाद एजेंडेवार विषयों पर चर्चा की गई।
नेपाल में आई आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए राशि एकत्रित करने का निर्णय लिया गया। कलेक्टर की अनुमति के बाद इसके लिए 10 दलों का गठन किया गया है। ये दल शहर के प्रमुख स्थलों पर पहुंचकर नेपाल के बाढ़ पीड़ितों के लिए सहायता राशि एकत्रित करेंगे। एकत्रित राशि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की राज्य शाखा रायपुर को भेजी जाएगी।
सहायता राशि संग्रह अभियान का शुभारंभ आगामी बुधवार, 9 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय से किया जाएगा। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल स्वयं रेडक्रॉस सदस्यों के साथ सहायता राशि एकत्रित करेंगे।
सितंबर अंत तक 575 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य
बैठक में रेडक्रॉस के सदस्यता अभियान को गति देने पर भी चर्चा हुई। सितंबर माह के अंत तक 25 संरक्षक सदस्य, 50 उप संरक्षक सदस्य और 500 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। रेडक्रॉस प्रबंध कार्यकारिणी समिति के सभी सदस्य संरक्षक सदस्य बनेंगे, जबकि प्रत्येक प्रबंध समिति सदस्य द्वारा 20-20 आजीवन सदस्य बनाए जाएंगे।
कलेक्टर संजय अग्रवाल स्वयं 25 हजार रुपये की राशि देकर रेडक्रॉस सोसायटी के संरक्षक सदस्य बनेंगे। इसके साथ ही सभी विभागों में 10-10 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
25 सितंबर से पहले नई मेडिकल शॉप का उद्घाटन
लिंगियाडीह स्थित अपोलो चौक में नवीन रेडक्रॉस मेडिकल शॉप के उद्घाटन को लेकर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि 25 सितंबर से पहले मेडिकल शॉप का उद्घाटन कर लिया जाएगा। वहीं, कलेक्टर एवं अध्यक्ष की अनुमति से खपरगंज स्थित दुकान से संबंधित आवश्यक निराकरण के लिए सुनील सोनथलिया एवं सुरेंद्र गुम्बर को अधिकृत किया गया।
बैठक में जिले के सभी महाविद्यालयों में रक्तदान शिविर आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
बैठक में डॉ. बी.एल. गोयल, प्रमोद शर्मा, अमरजीत सिंह दुआ, बृजेंद्र शुक्ला, डॉ. शुभा गरेवाल, डॉ. एम.ए. जीवानी, सुनील सोनथलिया, डॉ. राजीव अवस्थी, सुरेंद्र गुम्बर, श्रीकांत सहारे, जिला समन्वयक सौरभ सक्सेना, आदित्य पाण्डेय, लक्ष्मी नारायण मिश्रा, मनीष मिश्रा, सुशील राजपूत, गीतेश्वरी चंद्रा, पूजा कैवर्त, नेहा राय एवं प्रीति चंद्रा उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक




