Explore

Search

September 4, 2026 7:08 pm

चाकू दिखाकर युवकों से आईफोन लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

मस्तूरी पुलिस ने लूट में इस्तेमाल चाकू और एप्पल का मोबाइल किया बरामद

CBN36 बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र में युवकों को चाकू दिखाकर मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का आईफोन बरामद किया गया है। मामले में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

पुलिस के अनुसार, राजीव कौशिक ने मस्तूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 सितंबर 2026 की शाम करीब 5:40 बजे वह अपने दोस्त निरंजन कौशिक और राज केंवट के साथ मोटरसाइकिल से गतौरा कोलवाशरी ड्यूटी पर जा रहा था। करो रेलवे अंडरब्रिज के नीचे पहुंचने पर फरहदा की ओर से स्कूटी सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया।

आरोपियों ने स्कूटी की डिक्की से धारदार चाकू निकालकर युवकों को डराया और गाली-गलौज करते हुए राज केंवट का आईफोन छीनने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया और करीब 40 हजार रुपये कीमत का आईफोन लूटकर फरार हो गए। घटना में राजीव कौशिक, निरंजन कौशिक और राज केंवट को गर्दन एवं बाएं हाथ में चोटें आईं।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने दोनों अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह और एसडीओपी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर की टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस ने राजकुमार ध्रुव (27), निवासी बुटापारा, थाना तोरवा, बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथी शिवम, निवासी देवरीडीह, थाना तोरवा के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक धारदार चाकू और लूटा गया एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद किया है। राजकुमार ध्रुव को 4 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले का दूसरा आरोपी शिवम फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS