लैलूंगा पुलिस ने पीछा कर टाटा सफारी पकड़ी, सरिया पुलिस ने दो कारों में सवार छह आरोपियों को दबोचा
रायगढ़, 4 सितंबर। उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही गांजे की बड़ी खेप को रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ लिया। पुलिस ने 34.865 किलो गांजा, तीन कार, एक स्कूटी और आठ मोबाइल फोन समेत 61.53 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में उत्तर प्रदेश के आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक, तीन सितंबर को लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि काले रंग की टाटा सफारी UP 70 DF 0050 में बड़ी मात्रा में गांजा उड़ीसा से लैलूंगा-पत्थलगांव होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम कमरगा में नाकेबंदी की।
पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागे
नाकेबंदी के दौरान जमुना की ओर से तेज रफ्तार टाटा सफारी आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने पुलिस के निजी वाहन CG 13 AM 0302 को टक्कर मार दी और वाहन लेकर पाकरगांव की ओर भाग निकला। पुलिस टीम ने पीछा किया।
ग्राम मोतीपुर के पास पुलिस ने देखा कि एक स्कूटी सफारी के आगे चल रही थी और रास्ते की निगरानी करते हुए पायलटिंग कर रही थी। पुलिस को देखकर दोनों वाहनों के चालक वाहन छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में सफारी चालक ने अपना नाम अनिल कुमार चौधरी और स्कूटी चालक ने गगन कुमार चौधरी, दोनों निवासी उत्तर प्रदेश बताया।
आगे चल रही थीं दो पायलट कारें
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके साथ छह अन्य लोग दो हुंडई ऑरा कारों में चल रहे थे। दोनों कारें आगे-आगे चलकर सफारी को पायलटिंग कर रही थीं। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की सरिया पुलिस ने कंचनपुर बैरियर और बरगढ़ जाने वाले रास्ते पर संदेह के आधार पर दोनों कारों को रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों कारों में सवार छह आरोपियों से पूछताछ के बाद जानकारी सामने आई कि उनके पीछे चल रही टाटा सफारी में गांजा रखा गया है। इसके बाद रायगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। लैलूंगा पुलिस ने घेराबंदी कर सफारी को पकड़ लिया और गांजे की खेप बरामद की।
34 पैकेट में मिला 34.865 किलो गांजा
पुलिस ने टाटा सफारी से 34 पैकेट में कुल 34.865 किलो गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की कीमत करीब 17 लाख 43 हजार 200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो हुंडई ऑरा कार, टाटा सफारी, एक स्कूटी और आठ मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 61 लाख 53 हजार 200 रुपये आंकी गई है।
आठों आरोपी उत्तर प्रदेश के
पुलिस ने मामले में अनिल कुमार चौधरी, गगन कुमार चौधरी, संदीप सिंह, ललित पाल, शुभम सिंह, दीपांशु सिंह, प्रिंस सिंह और देवेंद्र तिवारी को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं।
आरोपियों के खिलाफ थाना लैलूंगा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने टीम की सराहना की
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। दोनों जिलों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से तस्करों की पूरी श्रृंखला पकड़ में आई। उन्होंने कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की सराहना की।
कार्रवाई में थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव, सहायक उपनिरीक्षक बृज किशोर गिरी, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक प्रीतम सिंह समेत पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
प्रधान संपादक




