Explore

Search

September 3, 2026 11:26 pm

शांति के लिए सड़कों पर उतरा बिलासपुर, एकजुटता का दिया संदेश

कलेक्टर-एसएसपी की अगुवाई में नेहरू चौक से गांधी चौक तक निकला शांति मार्च, बड़ी संख्या में जुटे शहरवासी

CBN36 बिलासपुर, छत्तीसगढ़। हालिया घटनाक्रम के बाद शहर में शांति और सामाजिक सद्भाव का संदेश देने के लिए गुरुवार को बिलासपुर एकजुट नजर आया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह की अगुवाई में नेहरू चौक से गांधी चौक तक शांति मार्च निकाला गया। इसमें विभिन्न समाजों और समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ शांति समिति के सदस्य, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।

मार्च के दौरान लोगों ने आपसी भाईचारा और सामाजिक एकता बनाए रखने का संदेश दिया। शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मार्च गांधी चौक पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।

अफवाहों से बचने की अपील

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि बिलासपुर की पहचान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे से रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान नहीं देने तथा उन्हें आगे प्रसारित नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और शहर में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सजग है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों, विभिन्न समाजों और मीडिया का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि विवाद या अफवाह की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दें।

समाज प्रमुखों ने दिया सहयोग का भरोसा

विभिन्न समाजों और समुदायों के प्रतिनिधियों ने कहा कि बिलासपुर सभी वर्गों का शहर है और इसकी पहचान सामाजिक एकता व भाईचारे से है। उन्होंने शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन और पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

शांति समिति की हालिया बैठक में शहर में शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए 3 सितंबर को शांति मार्च निकालने का निर्णय लिया गया था। गुरुवार को मार्च में सभी वर्गों की भागीदारी ने शहर की एकता और शांतिप्रिय परंपरा को मजबूत संदेश दिया।

मार्च में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित समाजों के प्रमुख, शांति समिति के सदस्य, प्रशासन-पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS