बेलतरा विधायक ने किया शुभारंभ, पांच संभागों के 845 खिलाड़ी दिखाएंगे प्रतिभा
CBN36 बिलासपुर, 3 सितंबर। न्यायधानी बिलासपुर के पुलिस ग्राउंड में गुरुवार को 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के पांचों संभागों से 845 खिलाड़ी और 150 ऑफिशियल हिस्सा ले रहे हैं। उद्घाटन समारोह में विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक मार्चपास्ट कर खेल भावना का प्रदर्शन किया।
शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी : विधायक
मुख्य अतिथि बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीवन में शिक्षा के साथ खेलों का भी महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए जरूरी है कि बच्चे पढ़ाई के साथ खेलों में भी आगे बढ़ें और अपनी प्रतिभा से देश-प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रदेश में खेलों के लिए बन रहा बेहतर माहौल : भूपेंद्र सवन्नी
विशिष्ट अतिथि एवं क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा रहा है। बस्तर खेल महोत्सव और सरगुजा खेल महोत्सव जैसे आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
खेल से शारीरिक-मानसिक विकास के साथ करियर के अवसर : कलेक्टर
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी, अनुशासन और खेल भावना है। खेलों से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खेल प्रतिभाओं के लिए रोजगार और करियर के बेहतर अवसर भी उपलब्ध हैं। कलेक्टर ने खिलाड़ियों से पूरे अनुशासन, उत्साह और सकारात्मक सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
पांच संभागों के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में दिखाएंगे दमखम
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के तहत बिलासपुर के विभिन्न खेल मैदानों में अलग-अलग स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में बेसबॉल, तैराकी और वाटरपोलो सहित विभिन्न खेल शामिल हैं। बेसबॉल की स्पर्धाएं छत्तीसगढ़ स्कूल मैदान में, जबकि तैराकी एवं वाटरपोलो की प्रतियोगिताएं संजय तरण पुष्कर में आयोजित की जा रही हैं। चार दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन और परिवहन की व्यवस्था
संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर अश्वनी कुमार भारद्वाज ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों और ऑफिशियल के लिए आवास, शुद्ध पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन तथा परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।
छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. भारती दुबे ने किया। वहीं मास्टर ऑफ सेरेमनी के रूप में आशीष मिश्रा एवं श्री शाहिद हुसैन ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया।
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की रही गरिमापूर्ण उपस्थिति
समारोह में महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, संयुक्त संचालक शिक्षा अश्वनी कुमार भारद्वाज, प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती वर्षा शर्मा, सहायक संचालक खेल जी.डी. गर्ग, बीईओ बिल्हा भूपेंद्र कौशिक, बीईओ कोटा श्री गोपाल दुबे सहित खेल एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुशील मिश्रा, डॉ. सुरेश शुक्ला, रितेश सिंह (अध्यक्ष, शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ),मृत्युंजय शर्मा (सचिव), अजय त्रिपाठी, श्री सुभाष त्रिपाठी, अभ्युदय तिवारी एवं डॉ. गायत्री तिवारी, प्राचार्य पीएम श्री स्कूल सरकंडा सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।
प्रधान संपादक




