Explore

Search

September 3, 2026 8:21 pm

24 घंटे में बाइक-मोबाइल चोरी का खुलासा, बाल अपचारी संरक्षण में

सरकंडा पुलिस और ACCU की संयुक्त कार्रवाई, पल्सर-प्लेजर स्कूटी और सैमसंग मोबाइल बरामद

CBN36 बिलासपुर। सरकंडा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने दोपहिया वाहन और मोबाइल चोरी के मामलों का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल, प्लेजर स्कूटी और सैमसंग मोबाइल बरामद किया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक को संरक्षण में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया।

जानकारी के मुताबिक, 1 सितंबर को सलीम मिरी (30) ने सरकंडा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 31 अगस्त की रात उसके कमरे के बाहर खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BM 1677 अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1242/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बाइक बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा था बालक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में सरकंडा पुलिस और ACCU की टीम को लगाया गया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान सूचना मिली कि एक बालक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे संरक्षण में लिया।

एक के बाद एक तीन चोरियों का खुलासा

पुलिस पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में बालक ने पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने साइंस कॉलेज के पास स्थित एक घर से काले रंग का सैमसंग मोबाइल चोरी करने की बात भी बताई। इसके अलावा सिटी कोतवाली क्षेत्र के खपरगंज जवाली नाला रोड से प्लेजर स्कूटी क्रमांक CG 04 MX 7653 चोरी करना स्वीकार किया।

बालक की निशानदेही पर पुलिस ने ज्योति होटल सीपत रोड के पीछे स्थित पानी टंकी के पास से चोरी की पल्सर बाइक और प्लेजर स्कूटी बरामद कर ली। उसके कब्जे से चोरी का सैमसंग मोबाइल भी बरामद किया गया।

किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया

पुलिस ने बरामद तीनों सामान को जब्त कर लिया है। विधि से संघर्षरत बालक होने के कारण उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। उसे किशोर न्याय बोर्ड, बिलासपुर के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS