Explore

Search

September 3, 2026 8:21 pm

एयरगन से फायर करने वाला आरोपी ग्वालियर से गिरफ्तार, खरसिया में ब्लेड से हमला करने वाले तीन आरोपी जेल भेजे गए

CBN36 रायगढ़, 3 सितंबर। रायगढ़ पुलिस ने अलग-अलग मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ओर युवक पर एयरगन से फायर कर फरार हुए आरोपी को ग्वालियर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है, वहीं खरसिया में युवक पर ब्लेड से हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। दोनों मामलों में पुलिस ने तकनीकी जांच, पतासाजी और छापेमारी के जरिए आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।

एयरगन से फायर करने वाला आरोपी ग्वालियर से पकड़ा गया

एएसपी अनिल सोनी ने बताया कि कोतरारोड क्षेत्र में 29 अगस्त की रात सड़क पर पानी के छींटे पड़ने की मामूली बात को लेकर हुए विवाद में आरोपी हरसवरन सिंह घोतड़ा ने खुशहाल अग्रवाल पर पिस्टलनुमा एयरगन से दो बार फायर किया था। खुशहाल के झुक जाने से वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आरोपी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गया था।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना में सामने आया कि आरोपी को फरार कराने में उसके साले बुधराम चौहान उर्फ छोटू ने मदद की थी। पुलिस ने बुधराम को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था तथा उससे पूछताछ में फरार आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पीछा किया और जीआरपी ग्वालियर के सहयोग से ग्वालियर रेलवे स्टेशन के पास हरसवरन सिंह घोतड़ा (44) निवासी जालंधर, पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। रायगढ़ लाकर पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया तथा बताया कि उसने एयरगन ऑनलाइन खरीदी थी। पुलिस ने मामले में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किया है।

शराब के लिए पैसे नहीं देने पर युवक पर ब्लेड से हमला

दूसरे मामले में खरसिया क्षेत्र के भेलवाडीह निवासी डुलीचंद गुप्ता ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 1 सितंबर की रात पंचमुखी मंदिर के पास तीन लोगों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। इंकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान आरोपियों ने उसका गला दबाया तथा हरिराम पटैल ने ब्लेड से उसकी पीठ पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।

शिकायत मिलते ही चौकी खरसिया पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के निर्देशन और चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी कर तीनों आरोपियों हरिराम पटैल (23), योगेश पटैल (26) और शंकर लाल पटैल उर्फ पीला (60) को गिरफ्तार कर लिया। हरिराम के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्लेड भी जब्त किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीमों की सराहनीय भूमिका

एयरगन फायरिंग मामले में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी पतासाजी के जरिए फरार आरोपी को ग्वालियर से गिरफ्तार किया। वहीं खरसिया पुलिस ने ब्लेड हमले के मामले में त्वरित कार्रवाई कर कुछ ही समय में सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। दोनों मामलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS