Explore

Search

August 31, 2026 12:06 am

पिस्टलनुमा लाइटर से रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने युवक पर की कार्रवाई

CBN36 रायगढ़। सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने के लिए हथियार जैसे दिखने वाले सामान का प्रदर्शन कर रील बनाना युवक को भारी पड़ गया। खरसिया थाना क्षेत्र के छोटेमुडपार में एक युवक ने मोटरसाइकिल चलाते हुए हाथ में पिस्टलनुमा लाइटर लेकर रील बनाई और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक को तलब कर वैधानिक कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने युवक के सोशल मीडिया वीडियो को लेकर शिकायत की थी। मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आने पर एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव ने थाना पुलिस को वीडियो की तस्दीक कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच में वीडियो में नजर आ रहे युवक की पहचान खेम सिंह रौतिया (22), पिता गणेश राम, निवासी छोटेमुडपार, खरसिया के रूप में हुई। इसके बाद उप निरीक्षक अमरनाथ शुक्ला, प्रधान आरक्षक खीरेन्द्र जलतरे और आरक्षक विशोप सिंह की टीम ने उसे तलब कर पूछताछ की।

पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि उसने 28 अगस्त को अपने मोबाइल से पिस्टलनुमा लाइटर हाथ में लेकर मोटरसाइकिल पर रील बनाई थी और इसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था।

पुलिस ने युवक को समझाइश दी कि हथियार या हथियार जैसे दिखने वाली वस्तुओं का प्रदर्शन कर सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने से लोगों में भय और गलत संदेश जा सकता है। ऐसी गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए भी परेशानी खड़ी कर सकती हैं।

पुलिस की समझाइश के दौरान मोहल्ले के लोगों द्वारा शिकायत किए जाने की बात को लेकर युवक ने उतावलेपन में व्यवहार किया। इसके बाद खरसिया पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर थाना लाया। थाना खरसिया में धारा 170 बीएनएसएस/126, 135(3) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस की अपील

रायगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए हथियार या हथियार जैसे दिखने वाले सामान का प्रदर्शन करते हुए रील या वीडियो न बनाएं। ऐसे वीडियो से समाज में भय का माहौल बन सकता है और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति पैदा हो सकती है। सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें और ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिससे पुलिस को वैधानिक कार्रवाई करनी पड़े।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS