
CBN36 दुर्ग। साइबर ठगी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर दुर्ग पुलिस ने गुरुवार को शिक्षक संगठन के कार्यक्रम में पहुंचे करीब 3 से 4 हजार शिक्षक-शिक्षिकाओं को जागरूक किया। सिटी कोतवाली पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के तहत शिक्षकों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में पुलिस ने फर्जी फोन कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी मांगने, बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल करने समेत साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों के बारे में सरल भाषा में समझाया। शिक्षकों को बताया गया कि किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाता, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी साझा न करें।
विद्यार्थियों और ग्रामीणों को भी करें जागरूक
दुर्ग पुलिस ने शिक्षकों से साइबर अपराध से बचाव की जानकारी विद्यार्थियों, परिवारजनों और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक पहुंचाने की अपील की। पुलिस ने कहा कि शिक्षक समाज में जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। साइबर ठगी के प्रयास की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने की भी अपील की गई।
मांगों पर आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित
विभिन्न शिक्षक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में टीईटी परीक्षा, वेतन विसंगति, क्रमोन्नति और पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर चर्चा हुई। शासन स्तर से मिले आश्वासन के बाद शिक्षक संगठनों ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला शिक्षक संगठन की सदस्यों ने सर्किट हाउस दुर्ग पहुंचकर शिक्षा मंत्री को तिलक लगाकर मिठाई खिलाई और राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। इसके बाद संगठन के सदस्यों ने अपनी मांगों और शासन से मिले आश्वासन पर विचार व्यक्त किए।
राष्ट्रगान के साथ शांतिपूर्ण समापन
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ करीब 15:30 बजे शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। इस दौरान सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने साइबर जागृति अभियान के माध्यम से बड़ी संख्या में शिक्षकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोगों के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते और अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। ऑनलाइन ठगी होने या ठगी का प्रयास किए जाने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और साइबर अपराध से बचाव की जानकारी अपने परिवार व आसपास के लोगों तक भी पहुंचाएं।
प्रधान संपादक




