Explore

Search

August 27, 2026 6:13 pm

रक्षाबंधन से पहले पंडरीपानी को बड़ी सौगात, SBI की नई शाखा शुरू

60 गांवों के हजारों ग्रामीणों को घर के पास मिलेंगी बैंकिंग सुविधाएं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया शुभारंभ

CBN36 रायपुर।रक्षाबंधन से पहले जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड के पंडरीपानी और आसपास के ग्रामीणों को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को पंडरीपानी में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की नवीन शाखा और भवन का शुभारंभ किया। शाखा शुरू होने से पंडरीपानी समेत आसपास के करीब 60 गांवों के हजारों ग्रामीणों को अब बैंकिंग कार्यों के लिए फरसाबहार नहीं जाना पड़ेगा।

अब ग्रामीणों को अपने घर के नजदीक ही बचत खाता, ऋण, बीमा सहित विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं मिल सकेंगी। अभी तक ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए करीब पांच किलोमीटर दूर फरसाबहार जाना पड़ता था।

60 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

एसबीआई की नई शाखा से बोखी, सहसपुर, भगोरा, बनगांव, सीमाबाड़ी, मुंडाडीह और सरईटोली समेत करीब 60 गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार वित्तीय समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों, छोटे व्यापारियों, युवाओं और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को आर्थिक गतिविधियों के लिए आसानी से वित्तीय सहायता मिल सकेगी।

किसानों को कृषि ऋण और किसान क्रेडिट कार्ड, व्यापारियों एवं उद्यमियों को व्यवसाय ऋण तथा आम नागरिकों को गृह, वाहन और शिक्षा ऋण जैसी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। शाखा के औपचारिक शुभारंभ से पहले ही करीब 200 लोगों ने यहां बैंक खाते खुलवा लिए हैं।

पंडरीपानी, अंबाकछार और सीमाबाड़ी में मिनी स्टेडियम

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं भी कीं। पंडरीपानी में मिनी स्टेडियम और बाजारपारा में मंगल भवन बनाने की घोषणा की गई। वहीं अंबाकछार और सीमाबाड़ी में भी मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे।

इसके अलावा हाथीबेड़ से कोतबा गांधी चौक तक करीब सात किलोमीटर सड़क निर्माण, मेन रोड सिसरिंगा में 10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड, हाईस्कूल मैदान में चेंजिंग रूम और हाईस्कूल परिसर के जीर्णोद्धार की घोषणा की गई। मूंगी दरबार में पुलिया निर्माण की भी घोषणा हुई।

हितग्राहियों को ऋण और बीमा की राशि

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र और बीमा दावा राशि के चेक वितरित किए। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत तीन हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए।

प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत नौ हितग्राहियों को 50 हजार से लेकर 1.90 लाख रुपये तक के ऋण स्वीकृति पत्र मिले। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के दो हितग्राहियों को भी ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत चार हितग्राहियों को दो-दो लाख रुपये की बीमा दावा राशि के चेक दिए गए।

फरसाबहार की किसान लक्ष्मी बाई को किसान क्रेडिट कार्ड ऋण का स्वीकृति पत्र प्रदान किया गया। वहीं मुख्यमंत्री ने जशपुर के प्रधान आरक्षक स्वर्गीय राहुल राम प्रधान के परिवार को एक करोड़ रुपये की बीमा राशि का चेक भी सौंपा।

ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

नई बैंक शाखा शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में उत्साह रहा। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से अब छोटे-बड़े बैंकिंग कार्यों के लिए फरसाबहार जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे समय और आवागमन पर होने वाले खर्च की बचत होगी। किसानों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों को इसका विशेष लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS