Explore

Search

August 26, 2026 1:54 am

पुलिस भाइयों की कलाई पर सजी राखी, बहनों की सुरक्षा का लिया संकल्प

लायंस क्लब प्राइड ने आयोजित किया ‘एक शाम राखी के नाम’ कार्यक्रम, एसएसपी बोले- महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

CBN36 रायगढ़। रक्षाबंधन के पर्व पर रायगढ़ पुलिस कंट्रोल रूम में मंगलवार को ‘एक शाम राखी के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। लायंस क्लब प्राइड की बहनों ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की कलाई पर राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते को मजबूत किया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने बहनों को उपहार भेंट कर उनकी सुरक्षा और सम्मान के प्रति सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, एडिशनल एसपी ट्रैफिक पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी उन्नति ठाकुर, एसएन सिंह समेत पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे। बहनों द्वारा पुलिसकर्मियों को राखी बांधने का दृश्य भावुक और आत्मीय रहा।

महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। रक्षाबंधन सुरक्षा और विश्वास के उस रिश्ते की याद दिलाता है, जिसे पुलिस हर परिस्थिति में निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं और बच्चों की समस्याओं के समाधान एवं मार्गदर्शन के लिए रायगढ़ पुलिस ने ‘हैलो सिस्टर’ हेल्पलाइन नंबर 94792705 जारी किया है। किसी भी समस्या, शिकायत या मार्गदर्शन के लिए महिलाएं और बच्चे पुलिस से संपर्क कर सकते हैं। हेल्पलाइन पर आने वाली शिकायतों की जांच महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा की जाती है।

जनता के सहयोग से पुलिस को मिलती है ऊर्जा

एसएसपी ने कहा कि रायगढ़ की संस्कृति और लोगों का अपनापन प्रभावित करने वाला है। जिलेवासियों का प्रशासन और पुलिस के साथ बेहतर तालमेल है। जनहित के कार्यों में लोगों की भागीदारी पुलिस को बेहतर काम करने की ऊर्जा देती है।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ पुलिस आगे भी ‘सेवा, सुरक्षा और समर्पण’ की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेगी। उन्होंने जिलेवासियों को सुरक्षा, सम्मान और विश्वास बनाए रखने का भरोसा दिलाया।

बहनों ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

लायंस क्लब प्राइड की प्रेसिडेंट डॉ. सविता साव, कोषाध्यक्ष मनीषा वर्मा, आशा बेरीवाल, चंपा अग्रवाल, शिखा खजांची, डॉ. प्रियंका सक्सेना, रानू पटेल, भावना पुलस्तिया, रितु तायल, मंजू डालमिया, निर्मला बेरीवाल, तान्या साव, दीपिका साव और चरंजीत घई ने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को रक्षा सूत्र बांधा।

‘एक शाम राखी के नाम’ कार्यक्रम में राखी के धागे में बहनों का स्नेह और विश्वास नजर आया, तो पुलिस भाइयों के संकल्प में सुरक्षा, सम्मान और सेवा की भावना दिखाई दी। आयोजन ने पुलिस और आमजन के बीच मजबूत होते आत्मीय संबंधों का संदेश दिया।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS