Explore

Search

October 18, 2026 12:16 am

35 फीट ऊंचे पुल से सोन नदी में छलांग, बच्चों की जान से खिलवाड़ का वीडियो वायरल,आईजी रेंज से ग्रामीणों ने की माँग संज्ञान लेकर करे कठोर कार्रवाई 

पुल से कूदने से पहले बच्चे का बेखौफ बयान-‘पुलिस को बता देना, कूद रहा हूं’; लोगो ने रेंज आईजी से की सख्त कार्रवाई की मांग

CBN36 बिलासपुर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। मरवाही के चिचगोहना गांव से बच्चों की जान जोखिम में डालने वाला हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में बच्चे करीब 35 फीट ऊंचे पुल से सोन नदी में एक-एक कर छलांग लगाते दिखाई दे रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कूदने से पहले एक बच्चा यह कहते हुए भी सुनाई दे रहा है कि ‘पुलिस को बता देना कि कूद रहा हूं।’ यह बेखौफ अंदाज बताता है कि बच्चों के बीच जानलेवा स्टंट का खतरा किस हद तक बढ़ गया है।

35 फीट की ऊंचाई, नीचे उफनती नदी और बेखौफ छलांग

वीडियो में बच्चे पुल के ऊपर खड़े होकर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के सीधे सोन नदी में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। करीब 35 फीट की ऊंचाई से लगाई जा रही छलांग में जरा सी चूक जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। नदी की गहराई, पानी का बहाव और नीचे मौजूद चट्टानों का अंदाजा लगाए बिना किया जा रहा यह खेल कभी भी बड़े हादसे में बदल सकता है।

‘पुलिस को बता देना, कूद रहा हूं’… वीडियो में सुनाई दे रही चुनौती

वीडियो का सबसे गंभीर पहलू बच्चे का वह बयान है, जिसमें वह कूदने से पहले पुलिस को सूचना देने की बात कहता सुनाई देता है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि बच्चों के बीच इस तरह के खतरनाक स्टंट को लेकर डर कम और दुस्साहस ज्यादा बढ़ रहा है।

गर्मी-बारिश में नदी किनारे पहुंचते हैं बच्चे

बताया जा रहा है कि गर्मी और बारिश के मौसम में बच्चे सोन नदी में नहाने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन पुल से छलांग लगाने का यह खतरनाक सिलसिला बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अब जिम्मेदार विभाग की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

‘हादसे का इंतजार क्यों?’

सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन किसी बच्चे के साथ अनहोनी होने के बाद जागेगा? जब पुल से छलांग लगाने का वीडियो सामने आ चुका है, तब सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्काल कदम उठाने की जरूरत है। पुल पर निगरानी, चेतावनी बोर्ड और बच्चों को रोकने के लिए जरूरी इंतजाम किए जाने चाहिए।

IG रेंज से ग्रामीणों ने की माँग संज्ञान लेकर करे कठोर कार्रवाई 

मामले में आईजी रेंज रामगोपाल गर्ग से संज्ञान लेकर संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने की मांग उठ रही है। बच्चों को इस जानलेवा करतब से रोकने के लिए सख्ती जरूरी है, ताकि सोशल मीडिया पर वीडियो देखकर दूसरे बच्चे भी इसकी नकल न करें। समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यही ‘रोमांच’ किसी परिवार के लिए जिंदगी भर का मातम बन सकता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS