Explore

Search

August 18, 2026 5:30 pm

महामाया मंदिर में चला ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान, श्रद्धालुओं ने ली साइबर ठगी से बचाव की शपथ

CBN36 बिलासपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति की एक सेल्फी’ अभियान के तहत 16 अगस्त को रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर परिसर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने मंदिर में उपस्थित श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी। श्रद्धालुओं ने जागरूकता संदेश वाली सेल्फी लेकर साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने और अभियान को सफल बनाने की शपथ भी ली।

जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने QR कोड स्कैन कर अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने स्वयं सेल्फी लेकर नागरिकों को साइबर जागरूकता का संदेश दिया। इसी कड़ी में रतनपुर पुलिस ने महामाया मंदिर परिसर में अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का प्रयास किया।

अभियान के दौरान मंदिर परिसर में लगाए गए QR कोड को श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल से स्कैन किया। इसके बाद जागरूकता संदेश वाली सेल्फी फ्रेम में तस्वीर लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। अभियान में बुजुर्ग श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

पुलिस ने नागरिकों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, OTP, बैंक खाता, ATM कार्ड एवं अन्य गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिस प्रकार देश की आजादी के लिए करोड़ों देशवासी एकजुट हुए थे, उसी प्रकार साइबर अपराध के खिलाफ भी सामूहिक जागरूकता जरूरी है। एक व्यक्ति की सजगता दूसरे व्यक्ति को साइबर ठगी का शिकार होने से बचा सकती है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS