Explore

Search

October 17, 2026 10:06 pm

हाईवे पर ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपी गिरफ्तार

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, हाईवे पर भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह पर पुलिस की नजर है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और चोरी में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी”

जूटमिल पुलिस ने शिव रजक और कुलदीप साण्डे को पकड़ा, मुख्य आरोपी पहले से बिलासपुर जेल में बंद

CBN36 रायगढ़। हाईवे पर खड़े ट्रेलर और भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह के दो और आरोपियों को जूटमिल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया। कार्रवाई एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत की गई।

दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो से मिला था चोरी का डीजल और सामान

मामला तीन फरवरी 2026 का है। अमलीभौना स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने एनएच-49 किनारे एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो गए थे। तलाशी लेने पर स्कॉर्पियो से 10 लीटर डीजल, करीब दो मीटर लंबा प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, दो मोबाइल और अलग-अलग नंबरों वाली नंबर प्लेट बरामद हुई थी।

जांच में फर्जी नंबर प्लेट का खुलासा

स्कॉर्पियो पर CG-04-BT-0664 नंबर लिखा था, लेकिन परिवहन विभाग की जांच में इस नंबर का कोई वाहन रिकॉर्ड नहीं मिला। वाहन में मिली दूसरी नंबर प्लेट CG-12-BT-6416 के आधार पर जांच करने पर स्कॉर्पियो मधुर निर्मलकर निवासी तुलसीनगर, कोरबा के नाम पंजीकृत मिली।

पूछताछ में पता चला कि वाहन मालिक ने 30 दिसंबर 2025 को स्कॉर्पियो को पुरुषोत्तम यादव निवासी बगडबरी, जिला जांजगीर-चांपा को 45 हजार रुपये मासिक किराये पर दिया था।

ट्रेलर चालक के जागने पर भागे आरोपी, पलट गई स्कॉर्पियो

पुलिस पूछताछ में संदीप कुमार डहरिया और सुनील कुमार केवट ने बताया कि मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के कहने पर स्कॉर्पियो की असली नंबर प्लेट हटाकर फर्जी प्लेट लगाई गई थी। इसके बाद आरोपियों ने रायगढ़ शहर के हाईवे पर खड़े ट्रेलर से डीजल चोरी की।

आरोपियों ने ट्रेलर की डीजल टंकी का लॉक तोड़कर डीजल निकालना शुरू किया। इसी दौरान चालक जाग गया और शोर मचाने लगा। इसके बाद आरोपी स्कॉर्पियो से भागने लगे। तेज रफ्तार में वाहन अनियंत्रित होकर एनएच-49 किनारे पलट गया। आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए।

पहले दो आरोपी गिरफ्तार, अब दो और पकड़े गए

मामले में सुनील कुमार केवट और संदीप कुमार डहरिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। दोनों को 12 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया था।

फरार आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस ने शिव कुमार रजक और कुलदीप कुमार साण्डे को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। शिव रजक ने बताया कि भागने के दौरान उसका कीपैड मोबाइल स्कॉर्पियो में छूट गया था। साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव बिलासपुर जेल में बंद

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी पुरुषोत्तम यादव के खिलाफ कोरबा जिले के अलग-अलग थानों में चोरी और अन्य धाराओं के पांच मामले दर्ज हैं। वह वर्तमान में थाना सिरगिट्टी, बिलासपुर के एक मामले में 26 जून 2026 से केंद्रीय जेल बिलासपुर में बंद है।

जूटमिल पुलिस ने न्यायालय से उसकी औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति लेकर प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है। उसे बिलासपुर जेल से रायगढ़ लाकर पूछताछ की जाएगी।

इन धाराओं में दर्ज है मामला

जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 46/2026 के तहत बीएनएस की धारा 336(3), 338, 340(2), 287 और 3/7 ईसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।कार्रवाई में थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत सिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश सिंह राजपूत, आरक्षक शांति मिरी और आरक्षक शिवा प्रधान की अहम भूमिका रही।

हाईवे पर भारी वाहनों से डीजल चोरी पर पुलिस की नजर

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले से गुजरने वाले हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की घटनाओं को पुलिस गंभीरता से ले रही है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। अपराध में इस्तेमाल वाहनों, फर्जी नंबर प्लेट और चोरी के नेटवर्क पर पुलिस की विशेष नजर है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS