CBN36 बिलासपुर। मस्तूरी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 33 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से शराब के अलावा एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 1 लाख 86 हजार 400 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी दौरान 15 अगस्त को मस्तूरी पुलिस को अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल बंजारे (20), निवासी ग्राम नागरडीह, थाना चकरभाठा को पकड़ा। आरोपी सफेद रंग की R15 मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 BW 7912 से शराब लेकर नागरडीह से जोरवा होते हुए मस्तूरी की ओर जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद प्लास्टिक बोरी की तलाशी ली। इसमें 11 पैकेट मिले, जिनमें प्रत्येक पैकेट में तीन लीटर हाथभट्ठी निर्मित कच्ची महुआ शराब थी। कुल 33 लीटर शराब की कीमत 6,400 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब और मोटरसाइकिल समेत अन्य सामग्री जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायालय में पेश किया।
प्रधान संपादक




