Explore

Search

September 20, 2026 6:05 pm

सुरक्षित बचपन ही सुरक्षित भविष्य की आधारशिला : बच्चों को गाड़ी नहीं, भविष्य दें: एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की अभिभावकों से अपील

CBN36 जशपुर। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर जशपुर पुलिस जिलेभर के स्कूलों और कॉलेजों में यातायात जागरूकता, साइबर सुरक्षा तथा महिला एवं बाल संरक्षण को लेकर विशेष अभियान चला रही है। इसी कड़ी में शनिवार को सेंट जेवियर हायर सेकेंडरी स्कूल (शांति भवन) में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के अभिभावकों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा बच्चों को गाड़ी नहीं, भविष्य दें। सुरक्षित बचपन ही सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति देना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि उनके जीवन को भी खतरे में डालता है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों में अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने तथा स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि 18 वर्ष से कम आयु के नाबालिग द्वारा बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में नाबालिग के साथ-साथ उसके अभिभावक और वाहन स्वामी के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। प्रावधानों के अनुसार 25 हजार रुपये तक जुर्माना, तीन वर्ष तक कारावास, वाहन का पंजीयन निरस्त करने और संबंधित नाबालिग को 18 वर्ष की आयु तक ड्राइविंग लाइसेंस जारी नहीं किए जाने का प्रावधान है।

एसएसपी के निर्देश पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में डीएसपी ट्रैफिक कुंज राम चौहान एवं ट्रैफिक प्रभारी उप निरीक्षक खेमराज ठाकुर ने विद्यार्थियों को हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, यातायात संकेतों का पालन, साइबर ठगी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया।

जशपुर पुलिस ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS