Explore

Search

July 31, 2026 9:44 pm

रायगढ़ में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, 16 नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई; अभिभावकों को भी चेतावनी

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों के हाथों में वाहन देना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि उनके जीवन और दूसरों की सुरक्षा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है। सभी अभिभावक अपने बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें”

CBN36 रायगढ़। सड़क सुरक्षा को लेकर रायगढ़ पुलिस ने शुक्रवार को नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। शहर के विभिन्न स्कूलों, प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर की गई सघन जांच के दौरान बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाते मिले 16 नाबालिगों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही उनके अभिभावकों को मौके पर बुलाकर कानून के प्रावधानों से अवगत कराया गया और दोबारा बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की सख्त चेतावनी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने अभिभावकों को बताया कि नाबालिग को वाहन चलाने देना कानूनन दंडनीय अपराध है। इसके लिए आर्थिक दंड के साथ अन्य कानूनी कार्रवाई का भी प्रावधान है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि ऐसी लापरवाही दोहराई गई तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस के अनुसार, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में शामिल है। इससे न केवल वाहन चला रहे बच्चे की जान जोखिम में पड़ती है, बल्कि अन्य राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया है, जिसे आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रखा जाएगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि नाबालिगों के हाथों में वाहन देना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि उनके जीवन और दूसरों की सुरक्षा के साथ भी गंभीर खिलवाड़ है। सभी अभिभावक अपने बच्चों को वाहन चलाने से रोकें और सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।

रायगढ़ पुलिस ने नागरिकों, विशेषकर अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें और उन्हें यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS