Explore

Search

July 31, 2026 9:04 pm

बिहार से चल रहा था करोड़ों का ऑनलाइन सट्टा रैकेट, दुर्ग पुलिस ने किया भंडाफोड़; 3 गिरफ्तार, बाल अपचारी भी पकड़ा गया

CBN 36 दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा और साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार की राजधानी पटना से संचालित एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध बालक को किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह प्रतिदिन 12 से 15 लाख रुपये और हर महीने करीब 4 से 5 करोड़ रुपये का ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन कर रहा था।

थाना खुर्सीपार में दर्ज अपराध क्रमांक 236/2026 की विवेचना के दौरान पुलिस को तकनीकी साक्ष्य, बैंक खातों के विश्लेषण, मोबाइल डेटा और डिजिटल ट्रेल से गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में अहम जानकारी मिली। इसके बाद गठित विशेष टीम को बिहार के पटना भेजा गया।

पुलिस ने पटना के नारायण प्लाजा अपार्टमेंट स्थित किराये के मकान पर दबिश देकर आरोपी आफताब अहमद (24) निवासी अहमदनगर कैंप-2, भिलाई और दानिश खान (24) निवासी कैंप-1, भिलाई को गिरफ्तार किया। वहीं, एक विधि-विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया।

ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म के जरिए चल रहा था सट्टा

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी किराये के मकान से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क संचालित कर रहे थे। गिरोह लूडो, कैसीनो, एविएटर (Aviator), फुटबॉल बेटिंग समेत विभिन्न ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म पर आईडी उपलब्ध कराकर लोगों से दांव लगवाता था। हार-जीत की रकम का लेन-देन यूपीआई, नेट बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और म्यूल बैंक खातों के जरिए किया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लगातार बैंक खाते बदलकर वित्तीय लेन-देन को छिपाने की कोशिश करते थे।

लाखों रुपये की डिजिटल सामग्री जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 मोबाइल फोन, 14 एटीएम कार्ड, 11 बैंक पासबुक और ऑनलाइन सट्टा संचालन में इस्तेमाल होने वाली अन्य इलेक्ट्रॉनिक व दस्तावेजी सामग्री जब्त की है। जब्त डिजिटल उपकरणों और बैंक खातों का फॉरेंसिक एवं तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि जांच में गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य और लाभार्थियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

पहले भी हो चुकी थी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, इसी मामले में पहले भी ऑनलाइन सट्टा और म्यूल बैंक खातों से जुड़े कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब तकनीकी विश्लेषण और बैंकिंग ट्रांजेक्शन के आधार पर अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन सट्टा और अवैध बेटिंग से दूर रहने की अपील की है। साथ ही बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड या मोबाइल नंबर किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए नहीं देने की सलाह दी है। किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन सट्टा, साइबर धोखाधड़ी या अवैध वित्तीय गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर देने की अपील की गई है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS