CBN 36 रायपुर, 31 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) छत्तीसगढ़ के हजारों गरीब और आवासविहीन परिवारों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से जरूरतमंद परिवारों का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार हो रहा है। योजना के जरिए केवल आवास ही नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर जीवन का आधार भी मिल रहा है।
जशपुर जिले के तपकरा निवासी सुनील पांडेय की कहानी इस बदलाव की मिसाल है। कभी उनका परिवार कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। बरसात के दिनों में टपकती छत, भीगता सामान और असुरक्षित माहौल उनकी सबसे बड़ी परेशानी थी। आर्थिक तंगी के चलते पक्का घर बनवाने का सपना पूरा नहीं हो पा रहा था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत उन्हें पक्के मकान की स्वीकृति मिली। शासन से मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने अपना नया घर तैयार कराया। अब उनका परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में रह रहा है।
सुनील पांडेय का कहना है कि पक्का घर मिलने के बाद उनके परिवार की सबसे बड़ी चिंता खत्म हो गई है। अब बरसात का मौसम परेशानी नहीं, बल्कि राहत लेकर आता है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा कि इस योजना ने उन्हें केवल मकान ही नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, सुरक्षा और नए विश्वास के साथ जीवन जीने का अवसर दिया है।
राज्य सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) प्रदेश के हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए आशा और विश्वास का माध्यम बनी है। पक्के आवास के जरिए गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य की मजबूत नींव मिल रही है, जिससे विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को भी गति मिल रही है।
प्रधान संपादक



