Explore

Search

July 30, 2026 2:05 pm

ऑपरेशन क्लीन हंट : फरार गांजा तस्कर समेत मारपीट का आरोपी गिरफ्तार, तस्करी में प्रयुक्त कार व हमला करने का औजार जब्त

“एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी”

रायगढ़। जिले में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत रायगढ़ पुलिस को दो अलग-अलग मामलों में बड़ी सफलता मिली है। पूंजीपथरा पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में कई माह से फरार गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया, वहीं खरसिया पुलिस ने शराब के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक और उसके साथियों पर हमला करने वाले आरोपी को दबोच लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे चन्द्रमणी उर्फ चिंतामणी यादव (35) को गिरफ्तार कर गांजा तस्करी में प्रयुक्त आई-20 कार (CG13BH5917) भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को ग्राम तुमीडीह महुआ चौक के पास कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को 2.728 किलोग्राम गांजा और ₹5 हजार नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था, जबकि चन्द्रमणी मौके से फरार हो गया था। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे उसके गांव से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने गांजा तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद कार भी जब्त कर ली गई।

इधर, खरसिया पुलिस ने जनवरी में मौहापाली मेन रोड पर शराब पीने के लिए पैसे मांगकर गैरेज संचालक विनोद रायल और उसके साथियों से मारपीट करने वाले फरार आरोपी फैज खान उर्फ फैजान अहमद (25) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी थी। इस दौरान फैज खान ने लोहे के कड़े से प्रार्थी के सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का कड़ा भी बरामद कर जब्त किया गया है। मामले में उसके दो अन्य साथी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस ने बताया कि दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और अपराध तथा नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS