रायपुर CBN36। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं (आईएएस, आईपीएस एवं अन्य) में चयनित अभ्यर्थियों से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है, इसलिए अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि लोगों की सेवा का अवसर ईश्वर का आशीर्वाद और समाज का विश्वास है। इस अवसर का उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना से प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
इस दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए और मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मुलाकात के दौरान अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित सुष्मिता सिंह, वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन भी उपस्थित रहे।
प्रधान संपादक



