Explore

Search

July 22, 2026 3:07 pm

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में खुलेंगी ‘अमृत फार्मेसी’

रायपुर CBN36 । छत्तीसगढ़ सरकार के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और प्रमुख शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के माध्यम से ‘अमृत फार्मेसी’ स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में चिकित्सा शिक्षा विभाग ने आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को पत्र जारी कर त्वरित कार्रवाई कर विभाग को अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।

चिकित्सा शिक्षा विभाग के अवर सचिव सोनचंद साहू द्वारा जारी पत्र के अनुसार, भारत सरकार के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड (भारत सरकार का उपक्रम) ने राज्य में अमृत फार्मेसी स्थापित करने का प्रस्ताव भेजा है। इसका उद्देश्य मरीजों को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां, शल्य चिकित्सा सामग्री, उपभोग्य वस्तुएं तथा प्रत्यारोपण सामग्री किफायती दरों पर उपलब्ध कराना है।

पत्र में कहा गया है कि मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, जिला अस्पतालों और अन्य प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों के परिसर में ऐसे स्थान उपलब्ध कराए जाएं, जहां सभी मरीजों की आसान पहुंच हो। इन फार्मेसियों के लिए किराया मुक्त स्थान उपलब्ध कराने का भी अनुरोध किया गया है।

विभाग के अनुसार, एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड वर्तमान में देशभर में 255 अमृत फार्मेसी आउटलेट संचालित कर रहा है। यहां जेनरिक और ब्रांडेड दवाइयां बाजार मूल्य की तुलना में 20 से 50 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध कराई जाती हैं।

प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया है कि अस्पतालों में अमृत फार्मेसी शुरू होने से मरीजों को किफायती दाम पर दवाएं मिलेंगी। साथ ही आपातकालीन सरकारी खरीद और आयुष्मान भारत योजना के तहत होने वाली खरीद में भी सरकार के राजस्व की बचत संभव होगी।

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने एचएलएल लाइफकेयर लिमिटेड के प्रस्ताव को आवश्यक कार्रवाई के लिए आयुक्त चिकित्सा शिक्षा को भेजते हुए शीघ्र कार्यवाही प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS