Explore

Search

July 22, 2026 1:07 am

रायपुर में 459 नशीली टैबलेट के साथ दो युवक गिरफ्तार, ओडिशा से बस के जरिए लाने का खुलासा

रायपुर CBN36 । राजधानी रायपुर में नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को 459 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से बिक्री की नकदी सहित करीब 1.83 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने टैबलेट बस के जरिए ओडिशा से लाने की जानकारी दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खम्हारडीह थाना क्षेत्र के चंडी नगर स्थित गदयाही मंदिर के पास दो युवक प्रतिबंधित नशीली दवाओं की बिक्री करने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और खम्हारडीह थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सुनील बघेल (26) और सचिन महानंद (21) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके बैग से 459 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट बरामद हुई। पुलिस द्वारा दवा रखने और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशीली टैबलेट और बिक्री के 200 रुपये नकद जब्त किए। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1,83,800 रुपये आंकी गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ खम्हारडीह थाना में अपराध क्रमांक 247/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 22 के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि प्रतिबंधित टैबलेट ओडिशा से बस के माध्यम से रायपुर लाई गई थी। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS