Explore

Search

July 21, 2026 11:13 pm

अंधे कत्ल का खुलासा: दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलगांव थाना पुलिस ने महिला की हत्या के अंधे कत्ल की गुत्थी चंद घंटों में सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर गला दबाकर और पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 17 जुलाई को परिजनों ने भगवंतीन साहू के लापता होने की सूचना दी थी। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला। जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखे शव की पहचान परिजनों ने भगवंतीन साहू के रूप में की। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलगांव थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से पहुंचे आरोपियों तक

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों, मजदूरों व ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह हर्ष यादव (19) निवासी पीसेगांव और नितेश ठाकुर (20) निवासी चंदखुरी पर गया।

हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों पहले पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन साक्ष्यों के सामने आने पर उन्होंने वारदात कबूल कर ली।

पैसों का लालच देकर सुनसान जगह ले गए

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 16 जुलाई को दोनों अलग-अलग स्थानों से शराब खरीदकर लगातार नशा कर रहे थे। इसी दौरान तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई। दोनों उसे पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला स्थित पुराने पुल के पास सुनसान जगह ले गए।

वहां दोनों ने महिला के साथ जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत करने की बात कहने पर आरोपियों ने पहले गमछे से उसका गला दबाया। इसके बाद बड़े बोल्डर पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर हत्या कर दी।

कपड़े बदलकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। रास्ते में उन्होंने घटना के समय पहने कपड़े बदल दिए। एक आरोपी ने अपने कपड़े धोकर छिपा दिए, जबकि दूसरे के कपड़े घर में रखवा दिए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर जब्त किए।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS