“पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने 10 नई पेट्रोलिंग मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना”
बलौदाबाजार, 20 जुलाई। जिले की यातायात व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने यातायात पुलिस बेड़े में 10 नई पेट्रोलिंग मोटरसाइकिलें शामिल की हैं। सोमवार को पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने सभी मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर गश्त एवं ड्यूटी के लिए रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि जिले में लगातार बढ़ रहे वाहनों के दबाव और यातायात संबंधी चुनौतियों को देखते हुए आधुनिक संसाधनों की आवश्यकता है। नई मोटरसाइकिलों के माध्यम से यातायात पुलिस ट्रैफिक जाम, सड़क दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में पहले की तुलना में अधिक तेजी से मौके पर पहुंच सकेगी। साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स पर नियमित गश्त कर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन वाहनों के उपयोग से ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। इससे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ ही आम नागरिकों को सुगम और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, उप पुलिस अधीक्षक यातायात संजय साहू, उप पुलिस अधीक्षक राजेश श्रीवास्तव, रक्षित निरीक्षक एवं एमटीओ प्रभारी उषा ठाकुर तथा नायर सहित जिला पुलिस बल एवं यातायात शाखा के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रधान संपादक



