“कंतेली और कोदवाबानी महामाया मंदिर से चोरी हुए सोने-चांदी के आभूषण बरामद, दो आरोपी पहले से जेल में; तकनीकी जांच और पूछताछ से खुला मामला”
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी आईपीएस भोजराम पटेल ने दो मंदिरों में हुई चोरी के मामलों का खुलासा किया। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1.75 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। मामले के दो अन्य आरोपी पहले से ही जेल में बंद हैं।
एसएसपी भोजराम पटेल ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना लालपुर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ग्राम कंतेली और कोदवाबानी स्थित महामाया मंदिरों में हुई चोरी का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने अश्वनी आहिरे निवासी नगपुरा (जिला बेमेतरा) और चंपाबाई गोस्वामी निवासी जमकोर (थाना मुंगेली) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अश्वनी ने अपने साथियों मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी के साथ मिलकर दोनों मंदिरों में चोरी करना स्वीकार किया। उसने कबीरधाम जिले के सिल्हाटी महादेव मंदिर में भी चोरी करने की बात कबूल की।

पुलिस के अनुसार, चोरी के आभूषण चंपाबाई गोस्वामी के पास छिपाकर रखे गए थे। उसके कब्जे से चांदी के मुकुट, करधन, माला, चांदी के सिक्के, सोने की पत्तियां समेत अन्य आभूषण बरामद किए गए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.75 लाख रुपये है।
एसएसपी पटेल ने बताया कि मामले में आरोपी मंजीत पुरले और पप्पू उर्फ सुनील गोस्वामी पहले से कवर्धा की पोड़ी जेल में निरुद्ध हैं। दोनों को इस प्रकरण में भी आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
प्रधान संपादक



