
“एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह की अपील सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत करें 112 पर कॉल”
जशपुर। जिले में महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा और मानसून के दौरान आकाशीय बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए जशपुर पुलिस ने व्यापक जनहित एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुनसान, निर्जन और एकांत स्थानों पर अकेले पिकनिक मनाने या घूमने-फिरने से बचें। यदि किसी पर्यटन स्थल या पिकनिक स्पॉट पर जाना आवश्यक हो तो परिवार, अभिभावक या विश्वसनीय समूह के साथ ही जाएं तथा अपनी यात्रा की जानकारी परिजनों को अवश्य दें।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि मोबाइल फोन चार्ज रखें, आवश्यक संपर्क नंबर साथ रखें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। महिलाओं से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना देर किए 112 या महिला हेल्पलाइन 1091 पर संपर्क करने की अपील की गई है।
मानसून के मद्देनजर जारी दूसरी एडवाइजरी में जशपुर पुलिस ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। लोगों से खुले मैदान, ऊंची जगह, पेड़ों के नीचे, बिजली के खंभों और टावरों के पास खड़े नहीं होने तथा नदी-तालाब जैसे जलाशयों से दूर रहने की अपील की गई है। खराब मौसम में सुरक्षित स्थान पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
जिला पुलिस अधीक्षक एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने कहा कि “आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। थोड़ी-सी सतर्कता किसी बड़े हादसे को टाल सकती है। जशपुर पुलिस हर परिस्थिति में नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।”
जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों से बचें और जागरूक नागरिक बनकर पुलिस का सहयोग करें।इसके लिए जागरूक करने के साथ साथ महत्वपूर्ण नंबर भी जारी किए गए हैं आपातकालीन सेवा : 112 महिला हेल्पलाइन : 1091 पुलिस कंट्रोल रूम 9479193699 थाना प्रभारी, जशपुर 9479193608 जशपुर पुलिस ने कहा है कि आम लोगों की सुरक्षा ही जशपुर पुलिस का संकल्प है ।
प्रधान संपादक



