जशपुर, 20 जुलाई 2026। जशपुर जिले में आकाशीय बिजली (वज्रपात) गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा 19 जुलाई की शाम करीब 4:30 बजे किनकेल घाट के पास उस समय हुआ, जब युवक अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भुरसा थाना कुनकुरी निवासी गौरव खलखो (25 वर्ष) अपने साथियों के साथ कार से देशदेखा क्षेत्र घूमने गया था। इस दौरान तेज गर्जना, बिजली चमकने और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश कम होने पर सभी साथी खुले मैदान में फोटो खिंचवाने के लिए उतर गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिरने से गौरव उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही बेहोश हो गया।
साथियों ने तत्काल उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना जशपुर पुलिस ने मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण वज्रपात की चपेट में आना पाया गया है।
इस घटना के बाद जशपुर के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिलेवासियों से वर्षा ऋतु के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने, बादलों की तेज गर्जना, बिजली चमकने और बारिश के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्र, जंगल तथा ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। ऐसे समय सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में रहें और अनावश्यक रूप से मोबाइल फोन का उपयोग न करें।

उन्होंने लोगों से बिजली के खंभों, हाईटेंशन तारों, मोबाइल टावरों, नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों से भी दूरी बनाए रखने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की। साथ ही ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी वज्रपात से बचाव के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
जशपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वज्रपात संबंधी किसी भी चेतावनी को गंभीरता से लें और सुरक्षा उपायों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि “सावधानी ही सुरक्षा है। मौसम खराब होने पर सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जीवन की रक्षा करें।”
प्रधान संपादक



