“एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा जिला प्रशासन घटना के पहले दिन से ही मृतक के परिवार के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष, पारदर्शी और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी”
छत्तीसगढ़,बिलासपुर। प्लेस ऑफ सेफ्टी विशेष गृह के चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या कर चार किशोर अपचारियों के फरार होने के मामले में बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार एक और किशोर अपचारी विशाल चौबे को बिहार की राजधानी पटना से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीन अन्य किशोर अपचारियों की तलाश में रायगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत कई स्थानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि 12-13 जुलाई की मध्यरात्रि हुई घटना के बाद थाना सरकण्डा में तत्काल अपराध दर्ज कर विशेष टीमें गठित की गई थीं। कोरबा, रायगढ़, अनूपपुर, बिहार और उत्तर प्रदेश भेजी गई टीमों के प्रयास से एक आरोपी विशाल चौबे को पटना से गिरफ्तार किया गया है। अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
एसएसपी सिंह ने कहा कि घटना के दिन से ही शासन के प्रावधानों के अनुसार मृतक के परिजनों को सहायता एवं मुआवजा संबंधी जानकारी उपलब्ध कराते हुए आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसके बावजूद कुछ तथाकथित लोग परिजनों को धरना-प्रदर्शन जारी रखने और अव्यावहारिक मांगें करने के लिए उकसा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार ऐसे लोगों की जानकारी और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यदि जांच में जमानत पर चल रहे गंभीर अपराधों के आरोपियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए संबंधित न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा।
पुलिस और जिला प्रशासन लगातार धरनास्थल पर पहुंचकर मृतक के परिजनों एवं प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और धरना समाप्त करने की अपील कर रहे हैं।
मृतक की पत्नी को सिम्स में कराया भर्ती
जानकारी के अनुसार 18 जुलाई को मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर एसडीएम (राजस्व) के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों की सलाह पर तहसीलदार और थाना प्रभारी सरकण्डा की समझाइश के बाद देर रात उन्हें उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रधान संपादक



