Explore

Search

September 4, 2026 10:13 pm

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, वीडियो कॉल और फिर ब्लैकमेल: अश्लील वीडियो वायरल करने के आरोप में युवक को कोलकाता से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले की चांपा पुलिस ने इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती कर एक युवती का कथित अश्लील वीडियो बनाकर उसे वायरल करने और ब्लैकमेल करने के आरोप में पश्चिम बंगाल के कोलकाता से 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मार्च 2026 को चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने पर वे वीडियो कॉल के जरिए भी संपर्क में रहने लगे। इसी दौरान आरोपी ने कथित रूप से वीडियो कॉल की रिकॉर्डिंग कर ली और बाद में उसी के आधार पर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया।

शिकायत के आधार पर चांपा थाना पुलिस ने आईटी एक्ट की धारा 67(ए) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 79 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपी की लोकेशन का पता लगाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम पश्चिम बंगाल के कोलकाता पहुंची।

पुलिस ने कोलकाता के पोस्ता थाना क्षेत्र के रविंद्र सारनी निवासी 19 वर्षीय अमल रैन को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव के निर्देशन में उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक ईश्वरी राठौर तथा थाना चांपा की साइबर टीम और अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS