Explore

Search

July 17, 2026 10:13 pm

प्रधानमंत्री मोदी ने किया चांपा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण, 13 करोड़ रुपये से हुआ आधुनिक पुनर्विकास

बिलासपुर, 17 जुलाई 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में बिलासपुर रेल मंडल के चांपा रेलवे स्टेशन का भी वर्चुअल उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित किया गया।

चांपा रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसमें स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया और चांपा स्टेशन के पुनर्विकास का औपचारिक लोकार्पण हुआ।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अमृत भारत स्टेशन योजना को रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया। सांसद कमलेश जांगड़े ने भी चांपा स्टेशन के पुनर्विकास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चांपा रेलवे स्टेशन का लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण किया गया है। पुनर्विकास के दौरान स्टेशन को स्थानीय सांस्कृतिक पहचान और आधुनिक वास्तुकला के समन्वय के साथ विकसित किया गया है।

स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए नए प्लेटफॉर्म शेड, आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड, अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, आधुनिक शौचालय और सुव्यवस्थित पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। वहीं दिव्यांगजनों के लिए रैंप, टैक्टाइल पाथ और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।

रेलवे का कहना है कि पुनर्विकसित चांपा स्टेशन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा। अब यह स्टेशन केवल रेल यात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र के आधुनिक प्रवेश द्वार के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित करेगा।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS