
बिलासपुर, 17 जुलाई। लगातार हो रही बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। हालात का जायजा लेने शुक्रवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह खुद मैदान में उतरे। अधिकारियों ने नगर निगम और प्रशासनिक अमले के साथ विजयापुरम, बंधवापारा, तोरवा, रेलवे कॉलोनी सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नालों-नालियों की नियमित सफाई कराई जाए। जहां जरूरत हो, वहां नालों का चौड़ीकरण किया जाए और जल निकासी में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को प्राथमिकता से हटाया जाए। उन्होंने शहर में बार-बार होने वाले जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए वैज्ञानिक आधार पर एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए।
55 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश

बंधवापारा क्षेत्र में जलभराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए कलेक्टर ने एहतियात के तौर पर लगभग 55 प्रभावित परिवारों को सेंट्रल लाइब्रेरी के पास स्थित सामुदायिक भवन में सुरक्षित स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। प्रशासन को भोजन, पेयजल, बिजली, शौचालय और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर का बंगला भी जलभराव की चपेट में

लगातार बारिश का असर जिला कलेक्टर के सरकारी आवास पर भी देखने को मिला। जानकारी के अनुसार कलेक्टर बंगले में कई फीट तक पानी भर गया, जिसके कारण नगर निगम का अमला वहां पानी निकासी में जुटा रहा। हालांकि इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अपने आवास की स्थिति की बजाय शहरवासियों की सुरक्षा और राहत कार्यों को प्राथमिकता दी। वे लगातार जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते रहे, पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।
हरसंभव मदद का भरोसा

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर और एसएसपी ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि प्रशासन संकट की इस घड़ी में उनके साथ है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
राहत-बचाव टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश
कलेक्टर ने नगर निगम, राजस्व, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा संभावित भारी बारिश को देखते हुए राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पूरी प्रशासनिक मशीनरी को सतर्क रहने को कहा।
प्रधान संपादक


