Explore

Search

July 17, 2026 8:48 pm

कैद से आज़ादी की ओर… अचार के हर मर्तबान में सिमट रही नई जिंदगी

रायपुर सेंट्रल जेल की महिला बंदियों की आत्मनिर्भरता की प्रेरक कहानी

छत्तीसगढ़ ।जेल का नाम सुनते ही आंखों के सामने ऊंची दीवारें, लोहे की सलाखें और सन्नाटा उभर आता है। लेकिन रायपुर सेंट्रल जेल के महिला प्रकोष्ठ में इन दिनों एक अलग ही दुनिया बस रही है। यहां रसोई से उठती मसालों की खुशबू, आम, नींबू, गाजर और लहसुन के अचार की महक यह एहसास कराती है कि जिंदगी को दूसरा मौका देने की शुरुआत यहीं से हो रही है।

इन हाथों ने कभी जीवन की बड़ी गलतियों का बोझ उठाया था, लेकिन आज वही हाथ स्वादिष्ट अचार तैयार कर रहे हैं। हर मर्तबान के साथ वे अपने आत्मविश्वास, सम्मान और भविष्य को भी संवार रही हैं।

केंद्रीय जेल रायपुर में ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत 60 महिला बंदियों को अचार और मसाला निर्माण का व्यावसायिक प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षण केवल अचार बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता, पैकेजिंग और भंडारण की बारीकियां भी सिखाई गई हैं। उद्देश्य स्पष्ट है-रिहाई के बाद उनके हाथों में रोजगार हो, आत्मविश्वास हो और समाज में सम्मान के साथ नई शुरुआत करने का अवसर भी।

आज जेल परिसर के महिला प्रकोष्ठ में हर दिन व्यवस्थित ढंग से अचार तैयार होता है। आम, नींबू, गाजर और लहसुन जैसे विभिन्न स्वादों के अचार पूरी स्वच्छता के साथ बनाए जाते हैं। ये उत्पाद केवल जेल की चारदीवारी तक सीमित नहीं रहते, बल्कि ‘आस्था गृह उद्योग’ स्टॉल और जेल कैंटीन के माध्यम से आम लोगों तक भी पहुंच रहे हैं।

सबसे बड़ी बात यह है कि इन उत्पादों की बिक्री से होने वाली आय का एक हिस्सा सीधे महिला बंदियों के खातों में जमा किया जाता है। यह राशि भले बहुत बड़ी न हो, लेकिन उनके लिए यह आत्मनिर्भरता की पहली कमाई है-एक ऐसा एहसास, जो शायद वर्षों बाद उन्हें अपनी मेहनत की असली कीमत का अनुभव कराता है।

जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री कहते हैं कि जेल केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सकारात्मक परिवर्तन का केंद्र भी है। उनका मानना है कि यदि किसी व्यक्ति को सही दिशा, कौशल और अवसर मिले तो वह अपने जीवन को नई राह दे सकता है। जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी सोच का परिणाम है।

अक्सर जेल से रिहा होने के बाद सबसे बड़ी चुनौती समाज में स्वीकार्यता और रोजगार की होती है। कई लोग परिस्थितियों के कारण फिर उसी अंधेरे रास्ते पर लौट जाते हैं। लेकिन यदि उनके पास कोई हुनर हो, अपनी मेहनत से कमाने का आत्मविश्वास हो और समाज उन्हें एक मौका दे, तो उनकी जिंदगी बदल सकती है। रायपुर सेंट्रल जेल की यह पहल उसी बदलाव की मजबूत नींव रख रही है।

इन महिलाओं की पहचान उनके अपराध से नहीं, बल्कि उनके कौशल और मेहनत से बनने लगी है। अचार के इन मर्तबानों में केवल मसालों का स्वाद नहीं, बल्कि आत्मसम्मान, उम्मीद और नए जीवन की खुशबू भी बंद है।

शायद यही किसी भी सुधार गृह की सबसे बड़ी सफलता होती है-जब वह केवल अपराधी नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक समाज को वापस लौटाता है।

रायपुर सेंट्रल जेल की यह पहल बताती है कि परिवर्तन असंभव नहीं होता। सही मार्गदर्शन, अवसर और विश्वास मिल जाए तो सलाखों के पीछे भी सपने आकार लेने लगते हैं। और तब अचार का हर मर्तबान केवल एक उत्पाद नहीं, बल्कि नई जिंदगी की एक मीठी शुरुआत बन जाता है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS