Explore

Search

July 17, 2026 1:38 am

डीजे के शोर पर बवाल, धारदार हथियार और बीयर की बोतल से हमला

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के लालखदान चौकसे मोड़ के पास  देर रात डीजे के शोर को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर धारदार हथियार व बीयर की बोतल से हमला कर दिया। घटना में दोनों पक्ष के कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, लालखदान निवासी अमन पासी (27) ने शिकायत में बताया कि मोहल्ले में कुसमी नामक युवती के जन्मदिन समारोह में डीजे बज रहा था। रात करीब 12:15 बजे डीजे बंद होने के बाद वह चौकसे मोड़ के पास खड़ा था। इसी दौरान कार्तिक शर्मा वहां पहुंचा और डीजे को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि कार्तिक ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में अमन के पेट, दाहिने हाथ और दोनों घुटनों में चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके भाई राज पासी पर भी बीयर की बोतल से हमला किया गया, जिससे उसके सिर और दोनों कोहनियों में चोटें आईं।

दूसरे पक्ष के कार्तिक शर्मा (19) ने पुलिस को बताया कि डीजे की तेज आवाज से पढ़ाई कर रहे लोगों को परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर उसने डीजे बंद कराने की बात कही थी। आरोप है कि इस दौरान अमन पासी ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला कर दिया और अपने भाई राज पासी को भी बुला लिया। दोनों ने धारदार वस्तु से मारपीट की। कार्तिक का आरोप है कि मारपीट के दौरान राज पासी ने उसके दाहिने कान पर दांत से काट लिया। घटना में उसकी आंख के ऊपर, नाक और होंठ पर भी चोटें आई हैं।

तोरवा पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS