छिंदवाड़ा/नैनपुर/बालाघाट। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के साथ-साथ विद्यार्थियों को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल द्वारा छिंदवाड़ा, नैनपुर और बालाघाट के विभिन्न स्कूलों में निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने आधुनिक, स्वच्छ, हरित और विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन की अपनी कल्पनाओं को शब्दों और रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में छिंदवाड़ा के बालाजी पब्लिक स्कूल, भारत भारती स्कूल और विज्डम पब्लिक स्कूल, नैनपुर के ज्ञान ज्योति स्कूल, सरस्वती स्कूल और रेलवे हायर सेकेंडरी स्कूल तथा बालाघाट के संदीपनी स्कूल, सरस्वती हायर सेकेंडरी स्कूल और महर्षि विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विद्यार्थियों को “मेरे शहर का स्टेशन विकसित भारत में कैसा होगा” और “विकसित भारत के निर्माण में मेरा योगदान” विषय दिए गए। निबंधों में बच्चों ने आधुनिक तकनीक, स्वच्छता, हरित ऊर्जा, बेहतर यात्री सुविधाओं और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को प्रमुखता दी। वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में पर्यावरण अनुकूल और अत्याधुनिक रेलवे स्टेशनों की कल्पना को आकर्षक ढंग से दर्शाया गया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित “सेल्फी विद स्टेशन” गतिविधि भी विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित हो रहे छिंदवाड़ा, नैनपुर और बालाघाट रेलवे स्टेशनों की पृष्ठभूमि में सेल्फी लेकर रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान के प्रति उत्साह जताया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छिंदवाड़ा स्टेशन का करीब 17.23 करोड़ रुपये, नैनपुर स्टेशन का 17.86 करोड़ रुपये और बालाघाट स्टेशन का 8.03 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकास किया गया है। स्टेशनों पर आधुनिक प्रतीक्षालय, एलईडी प्रकाश व्यवस्था, यात्री सूचना प्रणाली, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, उन्नत शौचालय, आकर्षक लैंडस्केपिंग और बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
रेलवे और विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही सभी प्रतिभागियों को उनकी रचनात्मक सहभागिता के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
प्रधान संपादक


