Explore

Search

July 16, 2026 8:24 pm

राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में भगवान जगन्नाथ रथयात्रा का किया शुभारंभ, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आस्था, लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का जीवंत महापर्व है। उन्होंने भगवान से प्रदेश में सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा और किसानों की खुशहाली की कामना की।

पूजा-अर्चना एवं छेरा-पहरा की परंपरा निभाकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, उत्तम वर्षा और किसानों की खुशहाली की कामना की

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान राज्यपाल रमेन डेका भी उपस्थित रहे। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा-अर्चना कर पारंपरिक छेरा-पहरा की रस्म निभाई और रथमार्ग का प्रतीकात्मक शुद्धिकरण किया। इसके बाद भगवान की प्रतिमाओं को रथ पर विराजित कर यात्रा का शुभारंभ किया गया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को रथयात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सेवा, समर्पण, समानता और लोककल्याण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के आराध्य माने जाते हैं और उनकी कृपा से समय पर वर्षा, अच्छी फसल तथा किसानों के जीवन में समृद्धि आती है। उन्होंने प्रदेश में भरपूर वर्षा, कृषि उन्नति और किसानों की खुशहाली की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में सद्भाव, एकता और सामूहिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा से प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

गौरतलब है कि गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में हर वर्ष पुरी की तर्ज पर रथयात्रा निकाली जाती है। छत्तीसगढ़ में ओडिशा से सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण भगवान जगन्नाथ के प्रति विशेष श्रद्धा रही है और प्रदेश के कई हिस्सों में यह पर्व उत्साह के साथ मनाया जाता है।

इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS