Explore

Search

September 3, 2026 10:23 am

दोस्त ने शराब पार्टी के बाद उतारा मौत के घाट, एसएसपी ने 72 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा


“घटनास्थल से मिला गमछा और पुलिस डॉग ‘रूबी’ बने अहम सुराग, पूछताछ में दोस्त ने कबूला कत्ल; आरोपी पहले भी दुष्कर्म के मामले में जा चुका है जेल”

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के अंधे कत्ल का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया है, जिसने आपसी विवाद के बाद घरेलू शील पत्थर से सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी थी। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात ग्राम भकुर्रा निवासी रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23) का शव उसके घर की परछी में खून से लथपथ मिला था। शव के पास भारी शील पत्थर पड़ा था। सूचना पर पहुंची लैलूंगा पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और पोस्टमार्टम के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान घटनास्थल से मिला एक गमछा और डॉग स्क्वाड की मदद पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुई। पुलिस डॉग ‘रूबी’ ने मृतक के दोस्त भुवनेश्वर यादव (26) की ओर संकेत किया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी टूट गया और हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और सोनू साथ बैठकर खाना खा रहे थे और शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। गुस्से में उसने घर में रखा भारी शील पत्थर उठाकर सोनू के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त किए हैं। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी दुष्कर्म के एक मामले में जेल जा चुका है।

क्या कहा एसएसपी शशि मोहन सिंह ने

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों, डॉग स्क्वाड और पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से हत्या की गुत्थी 72 घंटे के भीतर सुलझा ली गई। उन्होंने मामले के खुलासे में थाना प्रभारी गिरधारी साव, उनकी टीम और डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS