Explore

Search

July 16, 2026 1:49 am

नगर निगम के सब इंजीनियर ने की आत्महत्या, कमरे से मिला सुसाइड नोट

बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित निगम कॉलोनी में नगर निगम के सब इंजीनियर अमर सिंह चौहान का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उन्होंने खुद के परेशान होने का जिक्र किया है। हालांकि आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों और आसपास के लोगों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर अमर सिंह चौहान का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की।

जांच के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। प्रारंभिक जांच में नोट में केवल मानसिक परेशानी का उल्लेख मिला है। पुलिस उसकी लिखावट का सत्यापन कराने के साथ ही अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि घटनास्थल के निरीक्षण में यह भी सामने आया कि फांसी लगाने से पहले अमर सिंह चौहान ने अपने हाथ की कलाई भी काटी थी। इस संबंध में भी जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, अमर सिंह चौहान नगर निगम में सब इंजीनियर के पद पर पदस्थ थे। हाल ही में उनका तबादला जगदलपुर हुआ था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या स्थानांतरण या कोई अन्य व्यक्तिगत अथवा पारिवारिक कारण उनकी मानसिक परेशानी की वजह बना। फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सुसाइड नोट की जांच और परिजनों व परिचितों के बयान के आधार पर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS