जशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस डॉ. लाल उमेद सिंह बताया कि सरगुजा रेंज में पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 552.16 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में प्रयुक्त तीन कारें जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा और वाहनों की कुल कीमत 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
एसएसपी सिंह ने बताया कि पहली कार्रवाई थाना कुनकुरी क्षेत्र में की गई। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने ओडिशा से अंबिकापुर की ओर जा रही इनोवा कार की घेराबंदी की। पुलिस को देखकर चालक वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। तलाशी के दौरान वाहन से 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में फरार आरोपी की तलाश जारी है।
उन्होंने बताया कि दूसरी कार्रवाई थाना बगीचा क्षेत्र में की गई। यहां ब्रेजा और आर्टिगा कारों की जांच के दौरान 240.810 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। ब्रेजा चालक मौके से फरार हो गया, जबकि आर्टिगा में सवार सचिन्द्र राउत (29) और मोहम्मद समीर (26) को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने गांजा तस्करों के लिए रेकी करने की बात स्वीकार की है।
एसएसपी ने कहा कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि पड़ोसी जिलों और अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय बनाकर नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
एसएसपी ने यह भी बताया कि जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के दौरान 1269.071 किलोग्राम गांजा, 1840 कफ सिरप, 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर, 130 गांजा के पौधे तथा 875 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं। इस अवधि में 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और तस्करी में प्रयुक्त 14 वाहन भी जब्त किए गए हैं।
उन्होंने अभियान में शामिल थाना कुनकुरी, बगीचा, नारायणपुर सहित साइबर सेल एवं अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रधान संपादक


