Explore

Search

July 15, 2026 1:04 am

सूने घर में सेंध, रिटायर्ड शिक्षक के लाखों के जेवर और नकदी चोरी

बिलासपुर। चकरभाठा कैंप के वार्ड-15 में रिटायर्ड शिक्षक के सूने मकान में अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये के सोने, चांदी और हीरे के जेवर सहित नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना उस समय हुई, जब पूरा परिवार पारिवारिक कार्यक्रम के सिलसिले में कोरबा गया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार चकरभाठा स्थित आत्मानंद स्कूल के सामने रहने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक खगेंद्र तिवारी (63) अपनी पत्नी के साथ 12 जुलाई को बालको स्थित अपने पुत्र निखिल तिवारी, जो बालको संयंत्र में इंजीनियर हैं, से मिलने गए थे। 13 जुलाई की शाम करीब छह बजे लौटने पर घर का बाहरी ताला सुरक्षित मिला, लेकिन अंदर प्रवेश करते ही दोनों मुख्य दरवाजों और चार कमरों के ताले टूटे मिले।

चोरों ने अलमारी और लोहे की पेटियों के ताले तोड़कर सोने के हार, कंगन, अंगूठियां, बालियां, हीरे की अंगूठी व बालियां, चांदी की पायल, सिक्के, बिंदिया, सिंदूरदान, कांसे के बर्तन सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। इसके अलावा अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद और गुल्लक में रखे करीब 60 हजार रुपये भी गायब मिले।

पीड़ित ने बताया कि चोरी गए जेवर वर्षों में खरीदे गए थे और उनकी वास्तविक कीमत खरीद के बिल देखने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक चोरी की रकम लाखों रुपये में है।

घटना की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ अपराध दर्ज कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि चोरों ने पहले परिवार की गतिविधियों की रेकी की और मकान सूना मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS