Explore

Search

July 14, 2026 6:37 pm

ऑपरेशन विश्वास: दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन दिन में 114 लोगों पर केस, अवैध शराब भी जब्त

दुर्ग। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नशामुक्त वातावरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन विश्वास’ के तहत दुर्ग पुलिस ने लगातार सघन अभियान चलाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, अड्डेबाजी करने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 10 से 12 जुलाई के बीच जिलेभर में 114 लोगों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बाजार, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, तालाब, पार्क और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने और अड्डेबाजी करते मिले लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। साथ ही तीन अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब की बिक्री करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध शराब और बिक्री से प्राप्त नगदी भी जब्त की।

कार्रवाई के दौरान जामुल थाना क्षेत्र में सबसे अधिक 10 लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। इसके बाद उतई, नेवई और पुरानी भिलाई में नौ-नौ, मोहन नगर में आठ, भिलाई नगर और दुर्ग में सात-सात, छावनी और नंदिनी नगर में छह-छह, जबकि अन्य थाना क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।

दुर्ग पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन विश्वास के तहत जिले में अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अवैध शराब कारोबार और अन्य संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, अड्डेबाजी या अन्य संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दें तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि जिले में सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखा जा सके।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS