Explore

Search

July 14, 2026 6:39 pm

वायरल वीडियो से खुली गुंडागर्दी की पोल: एसएसपी के निर्देश पर युवती से सरेराह मारपीट करने वाली महिला गिरफ्तार, दो नाबालिग भी कानून के शिकंजे में

रायगढ़। सोशल मीडिया पर युवती के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल दो नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध भी किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई पूरी की।

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो की जांच में घटना मेरीन ड्राइव रोड की पाई गई। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद वीडियो में मारपीट करती दिखाई दे रही महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी (38) निवासी फौजदारपारा, चांदनी चौक, रायगढ़ के रूप में हुई। पुलिस ने मंगलवार तड़के उसके घर पर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में घटना में शामिल दो अन्य लड़कियों की जानकारी मिली, जो नाबालिग निकलीं। दोनों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।

हंसने की बात पर रास्ता रोककर हमला

19 वर्षीय पीड़िता ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह रायगढ़ में किराये पर रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में काम करती है। 30 जून की शाम वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से लौट रही थी। पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियों ने बाइक लगाकर उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता के अनुसार विरोध करने पर दोनों युवतियों ने अपने रिश्तेदारों को बुलाया, जिनमें नगमा खान उर्फ नूरी भी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर लात-घूंसों और मुक्कों से उसकी पिटाई की। शोर सुनकर राहगीरों और उसकी सहेली ने बीच-बचाव कराया। पीड़िता का कहना है कि आरोपियों को लगा कि वह और उसकी सहेली उन्हें देखकर हंस रही थीं, इसी गलतफहमी में हमला किया गया।

कई धाराओं में मामला दर्ज

पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 375/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 296, 115(2), 126(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

वायरल वीडियो बना अहम साक्ष्य

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो इस मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुआ। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर त्वरित कार्रवाई संभव हो सकी।

एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में कानून हाथ में लेने और सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। सोशल मीडिया पर सामने आने वाली ऐसी घटनाओं पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी। उन्होंने आमजन से किसी भी घटना की तुरंत पुलिस को सूचना देने और कानून अपने हाथ में न लेने की अपील की।

रवि शुक्ला
रवि शुक्ला

प्रधान संपादक

Advertisement Carousel
CRIME NEWS

BILASPUR NEWS